JSSC Assistant Teacher Recruitment 2026: OBC पारा शिक्षकों ने दे दी आंदोलन की चेतावनी, जानिये पारा शिक्षकों के किन पदों को लेकर है नाराजगी
JSSC Assistant Teacher Recruitment 2026 के तहत गढ़वा जिले में 230 पदों पर भर्ती होगी। पारा शिक्षक कोटि में OBC वर्ग के लिए पद नहीं होने से अभ्यर्थियों में नाराजगी है और आंदोलन की चेतावनी दी गई है।

JSSC TEACHE VACANCY: झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) द्वारा झारखंड प्रशिक्षित सहायक आचार्य संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2026 को लेकर नाराजगी अभी से ही बढ़ने लगी है। दरअसल इसकी बड़ी वजह से आरक्षण के तहत जारी हुई रिक्तियां। दरअसल जारी विज्ञापन के बाद गढ़वा जिले में OBC वर्ग के पारा शिक्षक अभ्यर्थियों में नाराजगी बढ़ गई है।
अभ्यर्थियों का आरोप है कि पारा शिक्षक कोटि में OBC वर्ग के लिए पद ही निर्धारित नहीं किए गए हैं, जिससे वे आवेदन करने से वंचित हो जाएंगे। यदि जल्द संशोधन नहीं किया गया तो अभ्यर्थियों ने सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन करने की चेतावनी दी है।
गढ़वा जिले के लिए 230 पद निर्धारित
JSSC ने विज्ञापन संख्या 04/2026 (पारा कोटि-बैकलॉग) और 05/2026 (पारा शिक्षक कोटि-नियमित) जारी किया है। दोनों विज्ञापनों के तहत गढ़वा जिले के लिए कुल 230 पद निर्धारित किए गए हैं।
• पारा कोटि (बैकलॉग) – 73 पद
• नियमित श्रेणी – 157 पद
हालांकि तकनीकी कारणों से 31 जुलाई 2026 से शुरू होने वाली ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया फिलहाल स्थगित कर दी गई है।
OBC वर्ग के लिए नहीं रखा गया कोई पद
गढ़वा जिले में पारा कोटि के 73 पदों में—
• 59 पद इंटर प्रशिक्षित (कक्षा 1 से 5)
• 14 पद स्नातक प्रशिक्षित (गणित-विज्ञान/भाषा)
अभ्यर्थियों का आरोप है कि इंटर प्रशिक्षित (कक्षा 1 से 5) में ईबीसी-1 (OBC-1) और बीसी-2 (OBC-2) वर्ग के लिए एक भी पद निर्धारित नहीं किया गया है।
इतना ही नहीं, कक्षा 6 से 8 सामाजिक विज्ञान विषय में भी EBC-1 और BC-2 के लिए कोई पद नहीं रखा गया है।
आवेदन कैसे करें, अभ्यर्थियों ने उठाया सवाल
OBC वर्ग के पारा शिक्षक अभ्यर्थियों का कहना है कि जब उनके वर्ग के लिए पद ही नहीं हैं, तो वे आवेदन कैसे करेंगे। उनका आरोप है कि पारा शिक्षक कोटि की भर्ती में OBC वर्ग को उचित प्रतिनिधित्व नहीं दिया गया है।अभ्यर्थियों ने आयोग से आरक्षण रोस्टर की समीक्षा कर संशोधित विज्ञापन जारी करने और स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है।
आंदोलन की चेतावनी
पारा शिक्षक अभ्यर्थियों ने चेतावनी दी है कि यदि भर्ती प्रक्रिया शुरू होने से पहले विज्ञापन में संशोधन नहीं किया गया तो वे सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन करेंगे। फिलहाल इस पूरे मामले में JSSC की ओर से कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण या संशोधित अधिसूचना जारी नहीं की गई है।
नियमित श्रेणी में 157 पद
गढ़वा जिले में नियमित श्रेणी के 157 पदों का विवरण इस प्रकार है—
• इंटर प्रशिक्षित – 21 पद
• भाषा – 62 पद
• सामाजिक विज्ञान – 2 पद
• गणित एवं विज्ञान – 72 पद
भर्ती प्रक्रिया शुरू होने का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों की नजर अब आयोग के अगले निर्णय पर टिकी हुई है।









