रांची-बड़ा खुलासा : रांची के इसी कोचिंग सेंटर में सॉल्व होता था क्योश्चन पेपर, जांच के दौरान CID टीम पहुंची कोचिंग सेंटर में, 5 जिलों के 18 ठिकानों की कड़ियों को जोड़ने में जुटी जांच टीम
Ranchi – Major Revelation: Question papers were being solved at this very coaching center in Ranchi; a CID team visited the center during the investigation, and the team is now working to piece together connections across 18 locations spanning five districts.

रांची। झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी की जांच अब निर्णायक मोड़ पर पहुंचती दिख रही है। जांच के दौरान CID की टीम उस कोचिंग सेंटर तक भी पहुंच गयी, जहां कथित तौर पर प्रश्न पत्र को सॉल्व करने का दावा किया जा रहा था। बताया जा रहा है कि OMR सीट पहले उसी कोचिंग सेंटर में लायी थी, जहां उसे साल्व किया जाता था।
सोमवार तड़के सीआईडी ने राज्यभर में एक साथ बड़ा ऑपरेशन चलाते हुए रांची, बोकारो, धनबाद, पलामू और हजारीबाग के 18 ठिकानों पर दबिश दी। अब सभी जांच की कड़ियां जोड़ी जा रही है। करीब चार घंटे तक चली इस कार्रवाई में जांच एजेंसी को कई ऐसे दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण मिले हैं, जो पूरे नेटवर्क की परतें खोल सकते हैं।
OMR शीट भरने का पूरा सिस्टम जांच के घेरे में
जांच एजेंसियों के मुताबिक, शुरुआती पड़ताल में यह बात सामने आई है कि अभ्यर्थियों की OMR शीट पहले रांची के लालपुर स्थित एक कोचिंग संस्थान लाई जाती थी। यहीं विशेषज्ञों की मदद से सही उत्तर तैयार किए जाते थे और फिर उसी आधार पर OMR शीट भरी जाती थी। इसी वजह से सीआईडी ने पतंजलि एकेडमी और उसके संचालक संजीत उर्फ गोल्डेन के ठिकानों पर विशेष रूप से कार्रवाई की।
लैपटॉप, मोबाइल और OMR की कार्बन कॉपी जब्त
छापेमारी के दौरान टीम ने कई डिजिटल और दस्तावेजी साक्ष्य अपने कब्जे में लिए हैं। इनमें लैपटॉप, मोबाइल फोन, बैंक खातों से जुड़े दस्तावेज, चेकबुक, अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड, मार्कशीट और OMR शीट की कार्बन कॉपियां शामिल हैं। अब इनकी फॉरेंसिक जांच कर पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ी जाएंगी।
अभय तिवारी के ठिकाने पर भी पहुंची CID
जांच के दायरे में आए टीडीपीएल कंपनी के पूर्व मार्केटिंग मैनेजर अभय तिवारी के देवघर स्थित आवास की भी तलाशी ली गई। वहीं उसके साले सौरव की तलाश में भी टीम पहुंची, लेकिन वह मौके पर नहीं मिला।
कहां-कहां हुई कार्रवाई?
सीआईडी की रेड इन स्थानों पर हुई—
• रांची: लालपुर स्थित पतंजलि एकेडमी, धुर्वा में रवि कुमार का ठिकाना, नामकुम में आदित्य पांडेय का घर।
• बोकारो: सेक्टर-3सी स्थित सनत प्रकाश का आवास।
• पलामू: कोचिंग संचालक रविशंकर, शिक्षक संतोष कुमार सिंह और नौडीहा बाजार स्थित पैतृक आवास समेत कई ठिकाने।
• धनबाद: वीटी इंफ्रा अपार्टमेंट, एक कोचिंग सेंटर, हाउसिंग कॉलोनी सहित अन्य स्थान।
• हजारीबाग: पौता में लालो यादव और गंगादोहर में आरोपी सुमन सौरभ के आवास पर छापेमारी।
अभी नहीं आया आधिकारिक बयान
हालांकि, इतनी बड़ी कार्रवाई के बावजूद सीआईडी ने अब तक आधिकारिक प्रेस नोट जारी नहीं किया है। लेकिन जांच एजेंसी का फोकस अब जब्त किए गए इलेक्ट्रॉनिक डाटा और दस्तावेजों के विश्लेषण पर है। माना जा रहा है कि इससे JPSC परीक्षा में कथित अनियमितताओं से जुड़े कई नए नाम सामने आ सकते हैं। हालांकि जानकारी मिल रही है कि सीआईडी की तरफ से जल्द ही पूरी जानकारी सार्वजनिक की जायेगी।









