जेब में रखा मोबाइल फटा… युवक की मौत, बाइक समेत सड़क पर गिरा; दो बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

मुजफ्फरनगर: यदि आप भी मोबाइल का उपयोग करते हैं या जेब में मोबाइल रखते हैं तो ये खबर आप के लिए है। जेब रखा फोन ब्लास्ट कर सकता है…. भले आपको इस खबर पर विश्वास न हो पर ये बिल्कुल सच है। जेब में रखा फोन फट सकता है।
मामला उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर से है जहां जेब में रखा मोबाइल फोन फटने से एक 40 वर्षीय युवक की मौत का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि बाइक से घर लौट रहे विकास अंतल की जेब में अचानक तेज धमाके के साथ मोबाइल फट गया। धमाके के बाद वह बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इस घटना से परिवार में मातम पसरा है।
मेरठ रोड हाईवे पर हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, भोपा थाना क्षेत्र के रहमतपुर गांव निवासी विकास अंतल उत्तम शुगर मिल में टोकन मैन के पद पर कार्यरत थे। वह बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान वहलना चौक के पास मेरठ रोड हाईवे पर उनकी जेब में रखा मोबाइल अचानक फट गया। धमाके के बाद विकास बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल विकास को जिला अस्पताल पहुंचाया। इसके बाद परिजन उन्हें बेहतर इलाज के लिए एक निजी अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
पत्नी और दो छोटे बच्चों पर टूटा विपत्ति का पहाड़
विकास अंतल की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। उनके परिवार में पत्नी और दो छोटे बच्चे हैं। परिवार के लिए यह हादसा किसी बड़े सदमे से कम नहीं है। अचानक हुई इस मौत से बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया और परिवार के सामने भविष्य को लेकर बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है।
मोबाइल फोन पर उठे सवाल
जेब में रखा मोबाइल फोन फटने से हुई इस मौत ने मोबाइल की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, मोबाइल किस कंपनी का था, उसमें धमाका किन परिस्थितियों में हुआ और इसके पीछे तकनीकी खराबी या कोई अन्य वजह थी या नहीं, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल घटना से जुड़ी तकनीकी वजह स्पष्ट नहीं है।












