VIDEO-…जब CM हेमंत सोरेन अचानक पहुंच गये चाय-पकौड़ी की दुकान पर, पत्नी कल्पना संग लिया स्वाद; लोगों के बीच दिखा देसी अंदाज

कसमार: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का मंगलवार सुबह एक अलग ही अंदाज देखने को मिला। न कोई तामझाम, न कोई औपचारिक कार्यक्रम! मुख्यमंत्री अपनी पत्नी और विधायक कल्पना सोरेन के साथ अचानक कसमार के तीनकोनिया चौक स्थित एक छोटी-सी चाय-पकौड़ी की दुकान पर पहुंच गए। फिर क्या था, मुख्यमंत्री और कल्पना सोरेन ने वहां बैठकर पकौड़ी का स्वाद लिया और मौजूद ग्रामीणों को भी पकौड़ी खिलाई। अचानक अपने बीच मुख्यमंत्री और विधायक को देखकर स्थानीय लोग भी उत्साहित हो गए। तस्वीरें खिंचवाने का सिलसिला भी शुरू हो गया।
सादगी की एक और खूबसूरत मिसाल!
ये खबर भी पढ़ें…आज मुख्यमंत्री @HemantSorenJMM जी और श्रीमती @JMMKalpanaSoren जी ने अचानक कसमार (बोकारो) का दौरा किया।
निर्माणाधीन मुख्य पथ का निरीक्षण करने के बाद, उन्होंने स्थानीय होटल में जनता के बीच बैठकर पकौड़ी खाई और उनसे सीधा संवाद किया। https://t.co/liYXvPX1o5
ये खबर भी पढ़ें…— Beauty mandal (@MousamMandal9) October 20, 2026
न काफिले का दिखावा, न कोई औपचारिकता, सीधे टपरी पर पहुंचे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मंगलवार सुबह अपने पैतृक गांव नेमरा से निकले थे। इसी दौरान उन्होंने निर्माणाधीन कसमार-बरलंगा सड़क का जायजा लिया और फिर अचानक कसमार पहुंच गए। उनके दौरे का कोई पूर्व निर्धारित आधिकारिक कार्यक्रम नहीं था।
कसमार पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री सीधे तीनकोनिया चौक स्थित कुणाल जायसवाल की चाय-पकौड़ी दुकान पर पहुंचे। उनके साथ पत्नी कल्पना सोरेन भी थीं। दोनों करीब 10 मिनट तक दुकान पर रुके। इस दौरान उन्होंने पकौड़ी खाई और वहां मौजूद लोगों के साथ सहज अंदाज में समय बिताया।
मुख्यमंत्री को सामने देख चौंके लोग, साथ में खिंचवाई तस्वीरें
आमतौर पर मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और औपचारिक कार्यक्रम देखने को मिलते हैं, लेकिन कसमार में नजारा कुछ अलग था। स्थानीय लोगों के बीच अचानक मुख्यमंत्री और कल्पना सोरेन को देखकर उत्सुकता बढ़ गई। लोग उनके साथ तस्वीरें खिंचवाने लगे।
मुख्यमंत्री का यह अनौपचारिक अंदाज लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया। हेमंत सोरेन ने भी स्पष्ट किया कि वे किसी आधिकारिक कार्यक्रम के तहत नहीं, बल्कि घूमने के उद्देश्य से कसमार पहुंचे थे।
सड़क का जायजा लेते हुए पहुंचे कसमार
कसमार में चाय-पकौड़ी का स्वाद लेने से पहले मुख्यमंत्री ने निर्माणाधीन कसमार-बरलंगा सड़क का जायजा लिया। इसके बाद वापसी के दौरान वे सेवाती घाटी भी पहुंचे और वहां की स्थिति देखी। इस दौरान बोकारो के उपायुक्त अजय नाथ झा भी मौके पर पहुंचे।
सेवाती घाटी को पर्यटन स्थल बनाने की उम्मीद
प्राकृतिक खूबसूरती के लिए चर्चित सेवाती घाटी को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की मांग लंबे समय से उठती रही है। मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान घाटी के विकास को लेकर चर्चा हुई। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि इस क्षेत्र को पर्यटन के लिहाज से विकसित करने की दिशा में पहल हो सकती है।
हालांकि, सेवाती घाटी को पर्यटन स्थल बनाने के संबंध में सरकार की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा सामने नहीं आई है। अगर यहां पर्यटन सुविधाओं का विकास होता है, तो पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने के साथ स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा हो सकते हैं।
फिलहाल, कसमार में मुख्यमंत्री का टपरी पर पहुंचकर चाय-पकौड़ी खाना और आम लोगों के बीच वक्त बिताना इस दौरे का सबसे दिलचस्प पहलू बन गया।












