महंगाई का बड़ा झटका: खाना हुआ महंगा…1 जून से कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम बढ़े, दिल्ली में ₹3113.50 हुई कीमत, जानें अपने शहर के नए रेट्स
Big blow of inflation: Commercial gas cylinder prices increased from June 1, price in Delhi increased to ₹3113.50, know the new rates in your city

नई दिल्ली/1.6.26:आम जनता और कारोबारियों को महीने के पहले ही दिन महंगाई का तगड़ा झटका लगा है। सरकारी तेल कंपनियों ने आज, 1 जून 2026 को एलपीजी (LPG) गैस सिलेंडर की कीमतों में बड़ा बदलाव किया है। कंपनियों ने 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर के दामों में ₹42 तक की बढ़ोतरी की है। इसके साथ ही 5 किलोग्राम वाले छोटे सिलेंडर की कीमतें भी बढ़ा दी गई हैं। राहत की बात बस इतनी है कि घरेलू रसोई गैस (14.2 किलो) के दामों में कोई बड़ा बदलाव नहीं देखा गया है।
सभी नई कीमतें आज सुबह से ही देश भर में लागू हो चुकी हैं। आइए जानते हैं आपके शहर में अब lpg सिलेंडर किस रेट पर मिल रहा है।
महानगरों और प्रमुख शहरों में कमर्शियल सिलेंडर (19 KG) के नए दाम
आज से देश के अलग-अलग शहरों में कमर्शियल सिलेंडर की कीमतें कुछ इस तरह हो गई हैं:
नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी में 19 किलो वाला कमर्शियल सिलेंडर ₹42 महंगा होकर अब ₹3,113.50 का हो गया है (पहले इसकी कीमत ₹3,071.50 थी)।
कोलकाता: यहां उपभोक्ताओं को सबसे बड़ा झटका लगा है। कोलकाता में सिलेंडर ₹53.50 महंगा होकर ₹3,255.50 पर पहुंच गया है।
बेंगलुरु: आईटी सिटी बेंगलुरु में अब कमर्शियल सिलेंडर के लिए ₹3,198 चुकाने होंगे।
अहमदाबाद (गुजरात): अहमदाबाद में आज से कमर्शियल सिलेंडर की नई कीमत ₹3,135 हो गई है। वहीं, यहां घरेलू एलपीजी सिलेंडर ₹920 का मिल रहा है।
छोटू सिलेंडर भी हुआ महंगा
तेल कंपनियों ने सिर्फ बड़े कमर्शियल सिलेंडर ही नहीं, बल्कि 5 किलोग्राम वाले छोटे गैस सिलेंडर के दामों को भी अपडेट किया है। इसकी कीमतों में करीब ₹11 की बढ़ोतरी की गई है। इस बढ़ोतरी के बाद अब दिल्ली में 5 किलो वाले छोटे सिलेंडर के लिए उपभोक्ताओं को करीब ₹821.50 चुकाने होंगे।
युद्ध के बाद से आसमान छू रही हैं कीमतें
रिकॉर्ड बढ़ोतरी: वैश्विक हालातों और युद्ध के बाद से LPG कमर्शियल सिलेंडर के दामों में अब तक कुल ₹1,373 का भारी-भरकम इजाफा हो चुका है। इसमें पिछले महीने हुई ₹993 की ऐतिहासिक बढ़ोतरी भी शामिल है। हालांकि, कमर्शियल के मुकाबले घरेलू LPG उपभोक्ताओं को थोड़ी राहत है, क्योंकि इस पूरे दौरान घरेलू गैस सिलेंडर के दाम सिर्फ ₹60 ही बढ़े हैं।
LPG कमर्शियल गैस के दाम बढ़ने से बाहर खाना-पीना, रेस्तरां, ढाबे और कैटरिंग का बिजनेस महंगा होने की आशंका जताई जा रही है, जिसका सीधा असर आम आदमी की जेब पर पड़ सकता है। वहीं LPG घरेलू सिलेंडर के दाम स्थिर रहने से थोड़ी राहत महसूस जरूर की जा रही है।









