झारखंड: हाथियों ने मचाया कोहराम, सात लोगों की ले ली जान, एक ही परिवार के 5 लोगों को कुचला
Jharkhand: Elephants wreak havoc, killing seven people, trampling five members of the same family.

Jharhand News: झारखंड में ठंड के कहर के बीच हाथियों के आक्रमण ने भी दहशत फैलाना शुरु कर दिया है। हाथियों की वजह से अब तक 17 लोगों की मौत हो गई है। चाईबासा के नोवामुंडी प्रखंड के बावरिया गांव में जंगली हाथी के हमले से एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई। मृतकों में पति-पत्नी और उनके दो बच्चे शामिल है, इसके अलावा दूसरे परिवार के एक अन्य सदस्य की भी हाथी ने जान ले ली। घटना रात करीब 10:00 बजे की बताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि सभी लोग अपने घर में सो रहे थे। इस दौरान हाथियों के दल ने अचानक से हमला कर दिया। इस घटना में परिवार के एक बच्चे की किसी तरह से जान बच गई। बावरिया गांव में मृतकों की पहचान सनातन मेराल, उनकी पत्नी जोको कुई, बच्चे मोगदा और लागूरी के रूप में हुई है।
हाथियों का आतंक बावरिया गांव तक ही सीमित नहीं रहा बड़ा पाशिया गांव में भी हाथियों के आक्रमण से एक ग्रामीण की मौत हो गई, जबकि लपाईसाइ गांव में एक अन्य ग्रामीण को हाथियों ने कुचल दिया। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और कैंप कर लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
लोगों को इस बात की हिदायत दी गई है कि वह जंगली इलाकों में न जाए, वही लोगों को हाथियों की आक्रमण से सुरक्षित रहने के भी निर्देश वन विभाग की तरफ से दिए गए हैं। आपको बता दें कि हाथियों के हमले से अब तक झारखंड में 17 लोगों की मौत हो चुकी है। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है,जबकि वन विभाग की टीम की सतर्क है।








