Jharkhand Teacher Recruitment 2026: झारखंड में माध्यमिक आचार्य भर्ती हुई तेज, अभ्यर्थियों की काउंसलिंग डेट फाइनल, जल्द मिलेगा नियुक्ति पत्र
झारखंड में माध्यमिक आचार्य भर्ती प्रक्रिया तेज हो गई है। 11 विषयों के 203 अभ्यर्थियों की काउंसलिंग 7 से 9 जुलाई तक होगी। जानें विषयवार शेड्यूल, नियुक्ति पत्र और पूरी अपडेट।

रांची। झारखंड में सरकारी शिक्षक अभ्यर्थियों के लिए ब़ड़ी खबर है। जेएसएससी ने शिक्षक बनने जा रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी अपडेट दे दी है। प्राथमिक विद्यालयों में सहायक आचार्यों की नियुक्ति के बाद अब राज्य सरकार माध्यमिक विद्यालयों में माध्यमिक आचार्य (Secondary Teacher) के पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ा रही है। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) से अनुशंसित अभ्यर्थियों की काउंसलिंग 7 जुलाई से शुरू होगी। काउंसलिंग पूरी होने के बाद इस महीने के अंतिम सप्ताह या अगस्त के पहले सप्ताह में नियुक्ति पत्र जारी किए जा सकते हैं।
7 से 9 जुलाई तक होगी काउंसलिंग
जेएसएससी से परिणाम जारी होने के बाद अब स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने 11 विषयों के लिए काउंसलिंग कार्यक्रम जारी कर दिया है। सभी अभ्यर्थियों की काउंसलिंग धुर्वा स्थित एमडीआई भवन में होगी।
विषयवार काउंसलिंग का शेड्यूल
7 जुलाई 2026
• उर्दू
• बंगला
• मुंडारी
• उड़िया
8 जुलाई 2026
• संताली
• पंचपरगनिया
• कुरमाली
9 जुलाई 2026
• नागपुरी
• खोरठा
• हो
• कुड़ुख
203 अभ्यर्थियों को मिलेगा मौका
इन 11 क्षेत्रीय एवं भाषाई विषयों में कुल 203 अभ्यर्थियों की नियुक्ति की अनुशंसा झारखंड कर्मचारी चयन आयोग ने की है। काउंसलिंग के दौरान दस्तावेजों का सत्यापन और अन्य औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी। इसके बाद सफल अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र जारी किए जाएंगे।
सात और विषयों की काउंसलिंग जल्द
शिक्षा विभाग ने संकेत दिया है कि जल्द ही सात अन्य विषयों के लिए भी काउंसलिंग की तिथि घोषित की जाएगी। इन विषयों में कुल 315 अभ्यर्थियों की नियुक्ति की अनुशंसा प्राप्त हुई है।
इनमें शामिल हैं—
• समाजशास्त्र – 128
• गृह विज्ञान – 52
• अप्लायड इंग्लिश – 44
• मनोविज्ञान – 39
• भूगर्भशास्त्र – 24
• मानवशास्त्र – 15
• दर्शनशास्त्र – 13
राजनीति शास्त्र और विशेष शिक्षा के अभ्यर्थियों का भी इंतजार खत्म होगा
झारखंड कर्मचारी चयन आयोग ने राजनीति शास्त्र विषय में 190 और विशेष शिक्षा विषय में 70 अभ्यर्थियों की नियुक्ति की भी अनुशंसा विभाग को भेज दी है। इन दोनों विषयों के अभ्यर्थियों की काउंसलिंग की तिथि भी जल्द घोषित होने की संभावना है।
भर्ती प्रक्रिया में आई तेजी
राज्य सरकार शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार शिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया को आगे बढ़ा रही है। प्राथमिक विद्यालयों में नियुक्ति के बाद अब माध्यमिक विद्यालयों में शिक्षकों की बहाली से स्कूलों में शिक्षकों की कमी काफी हद तक दूर होने की उम्मीद है।
शिक्षा विभाग ने अभ्यर्थियों से निर्धारित तिथि पर सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ काउंसलिंग में उपस्थित होने की अपील की है।









