आदिवासी नेत्री निशा भगत को मिली धमकी,प्रिंस खान गैंग के नाम पर मांगी 5 लाख की रंगदारी, सोशल मीडिया पर लिखा….
रांची में आदिवासी नेत्री निशा भगत को सोशल मीडिया पर जान से मारने की धमकी और 5 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया। साइबर थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

रांची। झारखंड की आदिवासी नेत्री निशा भगत को जान से मारने की धमकी मिली है। ये धमकी सोशल मीडिया के जरिए मिली है। जानकारी के मुताबिक निशान भगत को जान से मारने की धमकी देते हुए 5 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गयी है। इस संबंध में उन्होंने रांची के साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
सोशल मीडिया पर आया धमकी भरा संदेश
निशा भगत ने अपनी शिकायत में बताया कि सोशल मीडिया पर उन्हें एक संदेश भेजा गया, जिसमें भेजने वाले ने खुद को प्रिंस खान गिरोह का सदस्य बताया। संदेश में उनसे 5 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई और पैसे नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई। इतना ही नहीं, संदेश में आपत्तिजनक और अपमानजनक भाषा का भी इस्तेमाल किया गया।
साइबर थाना कर रहा तकनीकी जांच
शिकायत मिलने के बाद साइबर थाना पुलिस ने संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट और आईडी की तकनीकी जांच शुरू कर दी है। पुलिस डिजिटल साक्ष्यों का विश्लेषण कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि धमकी भरा संदेश किसने और कहां से भेजा।
कार्रवाई की मांग
धमकी मिलने के बाद निशा भगत स्वयं साइबर थाना पहुंचीं और पूरे मामले की जानकारी पुलिस अधिकारियों को दी। उन्होंने दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर जांच जारी है और तकनीकी जांच रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।








