स्कूल में महिला शिक्षिका से कथित अभद्रता और गाली-गलौज, आरोपी गिरफ्तार; न्यायिक हिरासत में भेजा गया
गढ़वा के मझिआंव में प्राथमिक विद्यालय की महिला शिक्षिका से कथित गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार के मामले में पुलिस ने नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

गढ़वा। शिक्षिका से अभद्रता मामले में पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है। शिकायत के बाद अब पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामला झारखंड के गढ़वा जिले का है। गढ़वा जिले के मझिआंव थाना क्षेत्र के ऊंचरी गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय में महिला सहायक शिक्षिका के साथ कथित तौर पर गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार करने के मामले में पुलिस ने नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान योगेंद्र कुमार, पिता स्व. दुखी राम, निवासी ऊंचरी के रूप में हुई है। पुलिस ने शनिवार को उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। शिक्षिका ने अपनी शिकायत कई गंभीर बातों का जिक्र किया था। उसी शिकायत के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई की है।
लाठी लेकर स्कूल पहुंचने का आरोप
मामले के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी युवक कथित तौर पर हाथ में लाठी लेकर विद्यालय परिसर में पहुंचा था। आरोप है कि वहां उसने महिला सहायक शिक्षिका शाइस्ता सुल्ताना के साथ गाली-गलौज की और अभद्र व्यवहार किया।घटना के बाद शिक्षिका ने मामले की शिकायत पुलिस से की। उनके आवेदन के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू की।
शिक्षिका ने पहले भी दुर्व्यवहार का लगाया आरोप
शिक्षिका ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि संबंधित युवक पहले भी उनके साथ दो बार अभद्र व्यवहार कर चुका है।शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपी ने विद्यालय में मुस्लिम शिक्षक के नहीं पढ़ाने की बात कहते हुए उनके साथ दुर्व्यवहार किया। हालांकि, इस संबंध में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
प्राथमिकी के बाद पुलिस ने की गिरफ्तारी
शिकायत मिलने के बाद मझिआंव पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए नामजद आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए योगेंद्र कुमार को गिरफ्तार कर लिया।थाना प्रभारी अमित कुमार के निर्देश पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। प्राथमिकी में नामजद आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।पुलिस अब मामले से जुड़े आरोपों, घटना की परिस्थितियों और शिकायत में बताए गए पूर्व के कथित दुर्व्यवहार की भी जांच कर रही है।











