थाना प्रभारी के घर चोरी: थानेदार के घर में सीढ़ी लगाकर चोरी; अलमारी-बक्सा तोड़कर ले गए नगदी-जेवर, पुलिस कर रही मामले की जांच
Theft at Station In-charge's House: Thieves used a ladder to break into the officer's home; they forced open cupboards and boxes to steal cash and jewelry, and the police are investigating the matter.

पलामू। चोरों की हिमाकत तो देखिये! जिस पुलिस अधिकारी के कंधों पर इलाके में चोरी और अपराध रोकने की जिम्मेदारी है, उसी थानेदार के घर को चोरों ने निशाना बना दिया। गढ़वा टाउन थाना प्रभारी सुनील तिवारी के पलामू स्थित घर में चोर सीढ़ी लगाकर दाखिल हुए और अलमारी व बक्सा तोड़कर नगदी और जेवरात चोरी कर फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मामले में दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक पड़ताल में चोरों के स्थानीय होने का शक गहराता जा रहा है। लिहाजा पुलिस चोरों के सभी गैंग पर फोकस कर पड़ताल में जुटी है।
सीढ़ी लगाकर घर में घुसे चोर
घटना को लेकर मिली जानकारी के मुताबिक थाना प्रभारी सुनील तिवारी का घर पलामू के रेहला थाना क्षेत्र के तोलरा में है। पुलिस के मुताबिक चोरों ने घर में प्रवेश करने के लिए सीढ़ी का इस्तेमाल किया। अंदर पहुंचने के बाद उन्होंने अलमारी और बक्से को तोड़ दिया और उसमें रखे सामान लेकर फरार हो गए।फिलहाल चोरी गए सामान की पूरी कीमत का आकलन नहीं हो पाया है। पुलिस नगदी और जेवरात समेत चोरी हुई संपत्ति का ब्योरा जुटा रही है।
ग्रामीणों ने दो संदिग्धों को पकड़कर पुलिस को सौंपा
घटना की जानकारी शनिवार को सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। इसी दौरान गांव में दो संदिग्ध लोगों को ग्रामीणों ने पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है। इसके अलावा संभावित आरोपियों की तलाश में अलग-अलग जगहों पर छापेमारी भी की जा रही है।
इलाके में पहले भी हो चुकी हैं चोरी की घटनाएं
स्थानीय लोगों के मुताबिक जिस इलाके में यह घटना हुई है, वहां पहले भी चोरी की घटनाएं सामने आती रही हैं। ग्रामीणों का कहना है कि आसपास के दूसरे घरों को भी चोर पहले निशाना बना चुके हैं।ऐसे में अब थानेदार के घर में चोरी होने के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है।
पुलिस बोली- चोरी गए सामान का आकलन जारी
रेहला थाना प्रभारी गुलशन बिरूआ ने बताया कि सुनील तिवारी के घर में चोरी हुई है। मामले में दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। चोरी हुए सामान का अभी आकलन नहीं किया जा सका है और पूरे मामले की जांच जारी है।फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि चोरी के पीछे कौन लोग हैं और क्या हिरासत में लिए गए संदिग्धों का घटना से कोई संबंध है।












