Ranchi T20 Match: चौके-छक्कों का लेना है मजा तो जेब करनी होगी ढीली, 1600 से 18 हजार तक टिकट के दाम
Ranchi T20 Match: 9 अक्टूबर को JSCA स्टेडियम में भारत-वेस्टइंडीज टी-20 मुकाबला होगा। JSCA ने टिकट के रेट जारी कर दिए हैं। टिकट की कीमत ₹1600 से ₹18000 तक है। जानिए किस स्टैंड का कितना है रेट।

रांची। रांची के JSCA International Stadium Complex में 9 अक्टूबर 2026 को भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाले टी-20 मुकाबले को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में उत्साह बढ़ गया है। मैच देखने के लिए स्टेडियम पहुंचने की तैयारी कर रहे दर्शकों के लिए अब टिकट की कीमतें भी सामने आ गई हैं। JSCA ने अलग-अलग स्टैंड और सुविधाओं के हिसाब से टिकट के रेट जारी कर दिए हैं।
टिकट की कीमत 1,600 रुपये से शुरू होकर 18,000 रुपये तक रखी गई है। यानी अगर आप रांची में टीम इंडिया के चौके-छक्कों का लाइव मजा लेना चाहते हैं, तो इसके लिए अपनी जेब के हिसाब से टिकट का विकल्प चुनना होगा।
1600 रुपये से शुरू होगी टिकट की कीमत
दर्शकों के लिए सबसे कम कीमत वाले टिकट की दर 1,600 रुपये रखी गई है। ईस्ट और वेस्ट हिल से मैच देखने के लिए क्रिकेट प्रेमियों को 1,600 रुपये खर्च करने होंगे। वहीं अलग-अलग विंग के लोअर और अपर टियर की कीमत 2,000 से 3,500 रुपये तक रखी गई है।
JSCA स्टेडियम में टिकट के रेट
स्टैंड/एन्क्लोजरटिकट कीमत
विंग A-लोअर टियर ₹3,000
विंग A-अपर टियर ₹2,000
विंग B-लोअर टियर ₹3,500
विंग B-अपर टियर ₹2,500
विंग C-लोअर टियर ₹3,000
विंग C-अपर टियर ₹2,000
विंग D-लोअर टियर ₹3,000
विंग D-स्पाइस बॉक्स ₹2,500
ईस्ट और वेस्ट हिल ₹1,600
अमिताभ चौधरी पवेलियन- प्रीमियम टेरेस ₹4,500
डोनर्स एन्क्लोजर ₹4,000
कॉर्पोरेट बॉक्स ₹8,000
हॉस्पिटैलिटी बॉक्स ₹9,000
एम.एस. धोनी पवेलियन- लक्ज़री पार्लर ₹10,000
कॉर्पोरेट लाउंज ₹15,000
प्रेसिडेंट्स एन्क्लोजर ₹18,000
18 हजार रुपये तक पहुंचे टिकट के दाम
अगर आप स्टेडियम में प्रीमियम सुविधाओं के साथ मैच देखना चाहते हैं तो टिकट की कीमत काफी ज्यादा है। प्रेसिडेंट्स एन्क्लोजर की कीमत 18,000 रुपये रखी गई है। इसके अलावा कॉर्पोरेट लाउंज के लिए 15,000 रुपये और एम.एस. धोनी पवेलियन के लक्ज़री पार्लर के लिए 10,000 रुपये खर्च करने होंगे।
इनमें से कई श्रेणियों में हॉस्पिटैलिटी की सुविधा भी शामिल है।
आम दर्शकों के लिए टिकट बिक्री की जानकारी जल्द
JSCA की ओर से टिकटों की कीमत जारी कर दी गई है, लेकिन आम जनता के लिए टिकटों की बिक्री कब और किस माध्यम से होगी, इसकी विस्तृत जानकारी अलग से घोषित की जाएगी। ऑनलाइन टिकट बिक्री से संबंधित जानकारी भी जल्द जारी होने की बात कही गई है।इसलिए मैच देखने की तैयारी कर रहे दर्शकों को टिकट बिक्री से जुड़ी आधिकारिक घोषणा का इंतजार करना होगा।
9 अक्टूबर को होगा भारत-वेस्टइंडीज मुकाबला
भारत और वेस्टइंडीज के बीच टी-20 मुकाबला 9 अक्टूबर 2026 को रांची के JSCA स्टेडियम में खेला जाएगा। मैच को लेकर क्रिकेट प्रेमियों के बीच अभी से उत्साह है। टिकट के रेट सामने आने के बाद अब दर्शकों की नजर बिक्री शुरू होने की तारीख और ऑनलाइन बुकिंग की प्रक्रिया पर है।
यानी रांची में टीम इंडिया के चौके-छक्के स्टेडियम में बैठकर देखने का प्लान है, तो कम से कम 1,600 रुपये से बजट तैयार रखना होगा। वहीं प्रीमियम और हॉस्पिटैलिटी वाली सीटों के लिए यह खर्च 18 हजार रुपये तक जा सकता है।
दोपहर 3 बजे से शुरू होगी दर्शकों की एंट्री
मैच के दिन दर्शकों के लिए स्टेडियम में प्रवेश दोपहर 3 बजे से शुरू होगा। प्रशासन ने खास तौर पर निर्देश दिया है कि प्रवेश शुरू होने से पहले बिना टिकट वाले लोगों को स्टेडियम के आसपास अनावश्यक रूप से जमा नहीं होने दिया जाए। माना जा रहा है कि मैच को लेकर बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमियों के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में बिना टिकट दर्शकों की भीड़ से अव्यवस्था और यातायात संबंधी परेशानी पैदा हो सकती है।
दर्शकों को निर्धारित गेट से ही प्रवेश दिया जाएगा और इसके लिए कतार व्यवस्था लागू रहेगी। प्रशासन ने क्रिकेट प्रेमियों से अपील की है कि वे समय से स्टेडियम पहुंचें और अपने निर्धारित प्रवेश गेट पर कतार में लगकर प्रवेश करें। इससे प्रवेश प्रक्रिया सुचारू रहेगी और दर्शकों को भी अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
प्रतिबंधित सामान लेकर स्टेडियम नहीं पहुंचें
सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए दर्शकों से स्टेडियम परिसर में किसी भी प्रतिबंधित वस्तु को लेकर नहीं आने की अपील की गई है। स्टेडियम में प्रवेश के दौरान सुरक्षा जांच की व्यवस्था रहेगी। प्रशासन का कहना है कि दर्शक सुरक्षा नियमों का पालन करें और जांच प्रक्रिया में सहयोग करें, ताकि प्रवेश व्यवस्था जल्द और व्यवस्थित तरीके से पूरी हो सके।












