‘रामायण’ फिल्म पर विवाद: झारखंड हाईकोर्ट में PIL दाखिल, कमाई का 50% राम मंदिर ट्रस्ट को देने की मांग
नितेश तिवारी की फिल्म रामायण के कथित विवादित दृश्यों को लेकर झारखंड हाईकोर्ट में PIL दाखिल। फिल्म पर रोक और कमाई का 50% राम मंदिर ट्रस्ट को देने की मांग।

रांची। चर्चित फिल्म ‘रामायण’ रिलीज से पहले ही कानूनी विवादों में घिरती नजर आ रही है। इस मामले में अब झारखंड में PIL दायर की गयी है। नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म के कथित विवादित दृश्यों और रामायण की मूल कथा से छेड़छाड़ के आरोप लगाते हुए झारखंड हाईकोर्ट में जनहित याचिका (PIL) दाखिल की गई है। याचिका में फिल्म के प्रदर्शन पर रोक लगाने के साथ ही उसकी कुल कमाई का 50 फीसदी हिस्सा अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को देने की मांग की गई है।
फिल्म के दृश्यों और पात्रों के चित्रण पर आपत्ति
इस मामले में अधिवक्ता संतोष कुमार सोनी की ओर से दायर याचिका में आरोप लगाया गया है कि फिल्म में भगवान राम, माता सीता और लक्ष्मण के चरित्रों को रामायण की मूल कथा और धार्मिक मान्यताओं के अनुरूप प्रस्तुत नहीं किया गया है।याचिकाकर्ता ने विशेष रूप से रावण के चित्रण पर आपत्ति जताते हुए आरोप लगाया है कि फिल्म में उसे भगवान राम से अधिक महत्व दिया गया है। इससे भगवान राम की मर्यादा और छवि प्रभावित हो सकती है।
शूर्पणखा से लेकर सीता के संवाद तक पर उठाए सवाल
याचिका में शूर्पणखा की नाक काटने वाले प्रसंग, भगवान राम और माता सीता के संवाद तथा लक्ष्मण के व्यवहार को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं।प्रार्थी ने आरोप लगाया है कि फिल्म में माता सीता द्वारा शूर्पणखा की नाक काटे जाने का विरोध करना और भगवान राम द्वारा इस कृत्य को गलत ठहराना मूल रामायण की कथा से अलग है।इसके अलावा भगवान राम, माता सीता और लक्ष्मण को भागते हुए दिखाने तथा सोने के हिरण वाले प्रसंग में माता सीता के संवाद पर भी आपत्ति जताई गई है।
फिल्म को वाल्मीकि रामायण के अनुरूप दिखाने की मांग
याचिकाकर्ता ने हाईकोर्ट से मांग की है कि फिल्म के कथित विवादित दृश्यों को हटाया जाए और इसे महर्षि वाल्मीकि की रामायण के अनुरूप प्रदर्शित किया जाए।याचिका में कहा गया है कि जब तक विवादित अंशों को हटाया नहीं जाता, तब तक फिल्म के प्रसारण और प्रदर्शन पर रोक लगाई जानी चाहिए।
कमाई का आधा हिस्सा राम मंदिर ट्रस्ट को देने की मांग
इस मामले में याचिका की एक और प्रमुख मांग फिल्म की कमाई से जुड़ी है। प्रार्थी ने भगवान राम की छवि प्रभावित होने का आरोप लगाते हुए फिल्म की कुल कमाई का 50 फीसदी हिस्सा अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को देने की मांग की है।याचिका में केंद्र सरकार, झारखंड सरकार के अलावा फिल्म के निर्माता, निर्देशक, लेखक और अन्य संबंधित पक्षों को प्रतिवादी बनाया गया है। अब इस मामले में हाईकोर्ट की आगे की कार्यवाही पर नजर रहेगी।











