JTET-2026 में गड़बड़ियों से अभ्यर्थियों की बढ़ी चिंता, विधायक जयराम महतो से लगाई न्याय की गुहार
JTET-2026 की OMR शीट में बुकलेट सीरीज गायब और एडमिट कार्ड में Teacher Type गलत होने की शिकायत। अभ्यर्थियों ने विधायक जयराम महतो से मुलाकात कर मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप की मांग की।

रांची। झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET-2026) में कथित तकनीकी और प्रशासनिक गड़बड़ियों को लेकर अभ्यर्थियों में नाराजगी बढ़ रही है। परीक्षा की OMR शीट में बुकलेट सीरीज दर्ज नहीं होने और एडमिट कार्ड में Teacher Type गलत होने की शिकायत लेकर अभ्यर्थियों ने अब विधायक जयराम कुमार महतो से गुहार लगाई है। झारखंड प्रशिक्षित शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष चंदन कुमार के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने डुमरी विधायक से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने विधायक से हस्तक्षेप की मांग की है।
OMR शीट और एडमिट कार्ड में गलती से बढ़ी परेशानी
विधायक से मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि करीब 10 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद आयोजित JTET-2026 परीक्षा में कई तकनीकी समस्याएं सामने आई हैं।अभ्यर्थियों के मुताबिक, परीक्षा की OMR शीट पर प्रश्न पुस्तिका की बुकलेट सीरीज अंकित नहीं की गई है। वहीं, कुछ अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड में Teacher Type की जानकारी भी गलत दर्ज है। कई अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड में Language Teacher की जगह Social Studies लिखा हुआ है।
रिजल्ट और नियुक्ति प्रक्रिया पर जताई चिंता
अभ्यर्थियों ने आशंका जताई कि OMR शीट में बुकलेट सीरीज दर्ज नहीं होने से उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन और परीक्षा परिणाम में परेशानी हो सकती है।वहीं, एडमिट कार्ड में गलत विषय दर्ज होने से भविष्य में नियुक्ति और दस्तावेज सत्यापन के दौरान भी अभ्यर्थियों को मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है।प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि परीक्षा संचालन में हुई तकनीकी और प्रशासनिक त्रुटियों का खामियाजा किसी भी अभ्यर्थी को नहीं भुगतना पड़े।
मुख्यमंत्री और JAC से हस्तक्षेप की मांग
अभ्यर्थियों ने विधायक जयराम महतो से आग्रह किया कि वे मुख्यमंत्री और झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) के अध्यक्ष एवं सचिव के समक्ष इस मुद्दे को उठाएं। साथ ही प्रभावित अभ्यर्थियों के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी कराने की मांग की।
अगले दिन मुख्यमंत्री से मुलाकात कराने का आश्वासन
विधायक जयराम कुमार महतो ने प्रतिनिधिमंडल की समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने आश्वासन दिया कि अगले दिन अभ्यर्थियों के प्रतिनिधिमंडल की मुख्यमंत्री से मुलाकात कराने का प्रयास करेंगे और मामले के समाधान के लिए आवश्यक पहल करेंगे।अभ्यर्थियों की प्रमुख मांग है कि JAC OMR बुकलेट सीरीज और एडमिट कार्ड में Teacher Type से जुड़ी त्रुटियों पर आधिकारिक स्पष्टीकरण जारी करे, ताकि परीक्षा परिणाम और आगे की नियुक्ति प्रक्रिया में किसी को नुकसान न उठाना पड़े।











