close
LIVE UPDATE

सिपाही भर्ती और होमगार्ड लिपिक परीक्षा में पेपर लीक-नकल का खुलासा, जैमर-बॉयोमेट्रिक ऑपरेटर समेत 6 अरेस्ट, जानिये किस तरह से हुआ गोलमाल

Paper leak and cheating exposed in constable recruitment and Home Guard clerk exams; 6 arrested, including jammers and biometric operators—find out how the scam was orchestrated.

पटना/16.6.26। बिहार में सरकारी नौकरी की भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी का सिलसिला थमता नजर नहीं आ रहा है। सिपाही भर्ती परीक्षा और होमगार्ड वाहिनी में अधीनस्थ लिपिक भर्ती परीक्षा में प्रश्नपत्र लीक एवं नकल कराने के मामलों ने परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। दोनों मामलों में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच तेज कर दी है और कई आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

सिपाही भर्ती परीक्षा में सॉल्व पेपर पहुंचाने का आरोप

14 जून को आयोजित सिपाही भर्ती परीक्षा के दौरान नवादा में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी की साजिश का खुलासा हुआ है। परीक्षा केंद्र के आसपास सक्रिय एक गिरोह द्वारा परीक्षार्थियों तक सॉल्व पेपर और गोपनीय जानकारी पहुंचाने की कोशिश किए जाने के आरोप सामने आए हैं। केंद्राधीक्षक की शिकायत पर 15 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
जांच के दौरान परीक्षा केंद्र के आसपास से फटे हुए चिट-पुर्जे बरामद किए गए, जिनमें प्रश्नों के उत्तर और विकल्प लिखे हुए थे। इसके अलावा परीक्षा केंद्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर भी कई संदिग्ध गतिविधियां सामने आई हैं।

मोबाइल से मिले रोल नंबर और गोपनीय जानकारी

पुलिस जांच में गिरफ्तार आरोपियों के मोबाइल फोन से कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं। अधिकारियों के मुताबिक मोबाइल में परीक्षार्थियों के नाम, रोल नंबर, सेट कोड और परीक्षा से जुड़ी गोपनीय सूचनाओं की तस्वीरें बरामद हुई हैं। मामले में जैमर सेंटर संचालक बिपिन कुमार, बायोमेट्रिक ऑपरेटर रोहित कुमार उर्फ मुरारी, सहयोगी मनीष कुमार, विकास कुमार, कुणाल कुमार तथा कथित मास्टरमाइंड रोशन कुमार समेत अन्य लोगों को आरोपी बनाया गया है। पुलिस का मानना है कि यह एक संगठित नेटवर्क के जरिए परीक्षा की गोपनीयता भंग करने की कोशिश थी।

होमगार्ड लिपिक भर्ती परीक्षा में प्रश्नपत्र लीक

वहीं, 10 जून को आयोजित होमगार्ड वाहिनी अधीनस्थ लिपिक भर्ती परीक्षा में भी प्रश्नपत्र लीक होने का मामला सामने आया है। जांच में तीन शिक्षाकर्मियों की भूमिका संदिग्ध पाई गई है।मामले में केंद्राधीक्षक एवं शिक्षक गणेश पासवान, शिक्षक अजय कुमार और वीक्षक अनुष्का रानी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने आरोपी शिक्षक अजय कुमार को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की भूमिका की जांच जारी है।

सीसीटीवी फुटेज ने खोली पोल

जांच में सामने आया कि परीक्षा के दौरान एक कमरे से प्रश्न पुस्तिकाएं बाहर ले जाई गई थीं। करीब दस मिनट बाद उन्हें वापस रखा गया। आशंका है कि इसी दौरान प्रश्नपत्रों की तस्वीरें लेकर सोशल मीडिया पर वायरल की गईं।सीसीटीवी फुटेज में एक बाहरी व्यक्ति को भी परीक्षा केंद्र के भीतर घूमते हुए देखा गया है। बताया जा रहा है कि उसने खुद को केंद्राधीक्षक का सहयोगी बताया था। सोशल मीडिया पर प्रश्नपत्र वायरल होने की सूचना मिलने के बाद जब फुटेज की जांच की गई, तब पूरे मामले का खुलासा हुआ।

अमिताभ सिन्हा

अमिताभ सिन्हा hpbltop.com के वरिष्ठ राजनीतिक संपादक हैं। पत्रकारिता में 12 वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्हें भारतीय राजनीति, चुनावी रणनीतियों और संसद की कार्यवाही की गहरी समझ है। अमिताभ की रिपोर्टिंग तथ्यों पर आधारित और निष्पक्ष होती है। वे जटिल सरकारी नीतियों को सरल भाषा में पाठकों तक पहुँचाने में माहिर हैं। खाली समय में वे राजनीतिक इतिहास पढ़ना पसंद करते हैं।
  • ईमेल: amitabh@hpbltop.com

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *