झारखंड ब्रेकिंग: मुख्यमंत्री का आधी रात बड़ा एक्शन, दो जिलों के एसपी की छुट्टी, PHQ अटैच, बोले, बर्दाश्त नहीं….
झारखंड में कानून व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का बड़ा फैसला। पूर्वी सिंहभूम के SSP और सरायकेला-खरसावां के SP को हटाकर पुलिस मुख्यालय अटैच किया गया। हिमांशु सिंह हत्याकांड के बाद सरकार का सख्त एक्शन।झारखंड में कानून व्यवस्था पर सीएम हेमंत सोरेन का बड़ा एक्शन: पूर्वी सिंहभूम SSP और सरायकेला-खरसावां SP हटाए गए, पुलिस मुख्यालय अटैच

रांची: झारखंड में कानून-व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आधी रात बड़ा प्रशासनिक फैसला लिया है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा है कि राज्य में कानून व्यवस्था से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। हालिया घटनाओं पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर) के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) और सरायकेला-खरसावां के पुलिस अधीक्षक (SP) को तत्काल उनके पद से हटाकर पुलिस मुख्यालय अटैच करने का निर्णय लिया है।
पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक एवं सरायकेला-खरसावां के पुलिस अधीक्षक को विधि-व्यवस्था बनाए रखने में विफलता तथा आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में लापरवाही के कारण तत्काल प्रभाव से उनके पदों से हटाकर पुलिस मुख्यालय से संबद्ध करने का निर्णय मैंने लिया है।…
— Hemant Soren (@HemantSorenJMM) June 30, 2026
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर जारी अपने आधिकारिक बयान में कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने में विफलता और अपराध नियंत्रण में प्रभावी निगरानी स्थापित नहीं कर पाने के कारण दोनों अधिकारियों के खिलाफ यह कार्रवाई की गई है।
उन्होंने कहा कि जनता की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और जवाबदेही सुशासन की पहली शर्त है। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
चाईबासा कमिश्नर और ADG को क्षेत्र में कैंप करने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने हालात पर लगातार नजर रखने के लिए चाईबासा के आयुक्त और रांची के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (ADG) को प्रभावित क्षेत्र में लगातार कैंप कर प्रतिदिन समीक्षा करने के निर्देश दिए हैं। वहीं डीआईजी को जमशेदपुर में रहकर कानून-व्यवस्था की निगरानी करने का आदेश दिया गया है।
हिमांशु सिंह हत्याकांड के बाद बढ़ा राजनीतिक दबाव
मुख्यमंत्री का यह फैसला जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में बार के बाहर हुई हिंसक घटना और करणी सेना (युवा) के जिला अध्यक्ष हिमांशु सिंह की हत्या के बाद आया है। शनिवार रात हुए विवाद के दौरान चापड़ से हुए हमले में गंभीर रूप से घायल हिमांशु सिंह की सोमवार शाम टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) में इलाज के दौरान मौत हो गई थी।इस घटना के बाद राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठने लगे थे। पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने भी राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला था और अपराध नियंत्रण को लेकर सरकार को घेरा था।
तीन पुलिसकर्मी पहले ही हो चुके हैं निलंबित
घटना के बाद जमशेदपुर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ड्यूटी में घोर लापरवाही के आरोप में तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया था। इनमें:
- सहायक अवर निरीक्षक रतन कुमार दास
- सहायक अवर निरीक्षक राजेश कुमार रंजन
- आरक्षी मनोज कुमार
शामिल हैं। इन पर घटनास्थल पर मौजूद रहने के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं करने का आरोप है।
मुख्यमंत्री का स्पष्ट संदेश
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि सरकार जनता के विश्वास को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही अथवा जवाबदेही से बचने की कोशिश को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।









