Instagram Influencer Arisha: इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर पर युवक को हनीट्रैप में फंसाकर ब्लैकमेल करने का आरोप, 55 हजार रुपये ऐंठने का केस दर्ज
संभल की सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर अरिशा पर युवक को प्रेमजाल में फंसाकर आपत्तिजनक वीडियो बनाने और 55 हजार रुपये की ब्लैकमेलिंग करने का आरोप लगा है। पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Arisha News । सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर अरिशा के खिलाफ हनीट्रैप और ब्लैकमेलिंग का गंभीर मामला सामने आया है। इंस्टाग्राम पर एक लाख से अधिक फॉलोअर्स रखने वाली इन्फ्लुएंसर पर आरोप है कि उसने एक युवक को प्रेमजाल में फंसाकर उसके आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बना लिए। इसके बाद वीडियो वायरल करने और छेड़छाड़ के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर उससे 55 हजार रुपये वसूल लिए। उत्तर प्रदेश के संभल जिले का ये पूरा मामला है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अरिशा समेत तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नैनीताल में हुई थी पहली मुलाकात
पुलिस के अनुसार, संभल के मोहल्ला चौधरी सराय निवासी 22 वर्षीय शाहरुख, जो फास्ट फूड सेंटर चलाते हैं, करीब तीन साल पहले उत्तराखंड के नैनीताल घूमने गए थे। वहीं उनकी मुलाकात संभल के मोहल्ला दीपा सराय निवासी अरिशा से हुई। दोनों एक ही शहर के होने के कारण बातचीत शुरू हुई और धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गईं। आरोप है कि इसी दौरान अरिशा ने शाहरुख के आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बना लिए।
दूरी बनाने पर शुरू हुई ब्लैकमेलिंग
शाहरुख का आरोप है कि कुछ समय बाद उन्हें एहसास हुआ कि वह एक साजिश का शिकार हो रहे हैं। जब उन्होंने अरिशा के बारे में जानकारी जुटाई तो पता चला कि वह कथित तौर पर अपने दो साथियों के साथ मिलकर युवकों को प्रेमजाल में फंसाकर उनसे वसूली करती है।इसके बाद उन्होंने अरिशा से दूरी बनानी शुरू कर दी, लेकिन तभी से उन्हें लगातार धमकियां मिलने लगीं।
55 हजार रुपये वसूलने का आरोप
पीड़ित का आरोप है कि अरिशा के साथ अनस और शुऐब नाम के दो युवक भी इस पूरे मामले में शामिल थे। तीनों ने मिलकर फोटो और वीडियो वायरल करने तथा छेड़छाड़ के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी।डर के कारण शाहरुख ने आरोपियों को करीब 55 हजार रुपये दे दिए। उनका कहना है कि रुपये देने के बाद भी ब्लैकमेलिंग बंद नहीं हुई और लगातार पैसों की मांग की जाती रही।
परेशान होकर पहुंचा थाने
लगातार धमकियों और ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर शाहरुख ने संभल कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने शनिवार देर रात अरिशा और उसके दो कथित साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।
पुलिस कर रही जांच
पुलिस का कहना है कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है। पुलिस मोबाइल चैट, बैंक लेनदेन, कॉल डिटेल और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच करेगी। जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल मामले में लगाए गए आरोपों की जांच जारी ।








