हादसा : खगड़िया में स्कूल की सीढ़ी अचानक गिरी, छात्रा की मौत; तीन बच्चे घायल
खगड़िया में स्कूल की सीढ़ी गिरी, छात्रा की मौत; 3 बच्चे घायल

School News: प्राइमरी स्कूल के आज बड़ा हादसा हो गया।स्कूल की सीढ़ी अचानक गिर जाने से7 साल की एक बच्ची के मौत की खबर है और 3 बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। मामल बिहार के खगड़िया जिले का है जहां बुधवार को दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। मानसी थाना क्षेत्र के अमनी गांव स्थित सरकारी प्राथमिक विद्यालय की सीढ़ी अचानक गिर गई। हादसे में एक छात्रा की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य बच्चे घायल हो गए। घटना के बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा बुधवार सुबह करीब 10 बजे हुआ। सीढ़ी अचानक भरभराकर गिरने से कई बच्चे मलबे की चपेट में आ गए। मृत छात्रा की पहचान रितिका कुमारी के रूप में हुई है। वह प्राथमिक विद्यालय में कक्षा-1 की छात्रा थी। हालांकि, कुछ मीडिया रिपोर्टों में उसकी उम्र 9 वर्ष बताई गई है, जबकि पुलिस/प्रशासन से जुड़ी रिपोर्टों में 7 वर्ष की उम्र का उल्लेख है।
तीन बच्चे घायल, अस्पताल में इलाज
सीढ़ी गिरने के बाद मलबे में फंसे बच्चों को बाहर निकाला गया। हादसे में घायल तीन बच्चों को इलाज के लिए खगड़िया सदर अस्पताल ले जाया गया है। उनकी स्थिति को लेकर विस्तृत मेडिकल अपडेट का इंतजार है।
मौके पर पहुंचे वरीय अधिकारी
घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। सदर एसडीएम धनंजय कुमार समेत अधिकारियों ने स्थिति का निरीक्षण किया। जिला प्रशासन ने स्कूल की सीढ़ी गिरने के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
24 घंटे के अंदर जांच का निर्देश
जिलाधिकारी विक्रम वीरकर ने जिला शिक्षा पदाधिकारी को घटना की जांच कर 24 घंटे के भीतर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है। हादसे के बाद स्कूल भवन की सुरक्षा और निर्माण गुणवत्ता को लेकर भी जांच की जा रही है।
मृत छात्रा के परिवार को 4 लाख रुपये की सहायता
प्रशासन की ओर से मृत छात्रा के परिजनों को 4 लाख रुपये की मुआवजा राशि दिए जाने की जानकारी सामने आई है। हादसे की आगे की जांच जारी है।
फिलहाल प्रशासन का फोकस घायल बच्चों के इलाज और हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने पर है। जांच रिपोर्ट के बाद स्कूल भवन की सीढ़ी की स्थिति और हादसे के लिए जिम्मेदारी से जुड़े अन्य तथ्य स्पष्ट हो सकेंगे।












