जितिया पर्व पर बड़ा हादसा: स्नान के दौरान दामोदर नदी में बह गई 16 वर्षीय सोनाक्षी, खोज जारी
Jitiya parv par bada hadsa

धनबाद: जितिया पर्व के नहाय-खाय के दिन 2 अक्टूबर को धनबाद के झरिया क्षेत्र से दुखद खबर सामने आई है। सुदामडीह थाना क्षेत्र के अमलाबाद स्थित दामोदर नदी में स्नान करने के दौरान 16 वर्षीय सोनाक्षी कुमारी तेज बहाव की चपेट में आकर बह गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से नदी में युवती की तलाश की जा रही है।
सूत्रों ने बताया कि सोनाक्षी मूल रूप से आरा की रहने वाली थी और लोदना स्थित अपनी नानी के घर आई हुई थी। शुक्रवार को वह परिवार के अन्य सदस्यों के साथ जितिया पर्व के अवसर पर दामोदर नदी में स्नान करने गई थी। इसी दौरान वह नदी के गहरे हिस्से में चली गई और तेज धार में बह गई।
नहीं बचा सके सोनाक्षी के मामा
सोनाक्षी को नदी में बहता देखकर उसके मामा अमन उसे बचाने के लिए पानी में उतर गए। तेज बहाव के कारण दोनों के लिए स्थिति मुश्किल हो गई। हालांकि स्थानीय लोगों की मदद से अमन को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन सोनाक्षी तेज धारा में बहकर लापता हो गई।
पुलिस ने शुरू की खोजबीन
घटना की सूचना मिलते ही सुदामडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर नदी में सोनाक्षी की तलाश शुरू की। मामले की जानकारी वरीय अधिकारियों को भी दी गई है। फिलहाल युवती का कोई सुराग नहीं मिला है और खोज अभियान जारी है।
खतरनाक घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था की मांग
घटना के बाद स्थानीय स्तर पर दामोदर नदी के संवेदनशील घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। सांसद प्रतिनिधि गफ्फार अंसारी ने कहा कि नदी में स्नान के दौरान पहले भी हादसे सामने आते रहे हैं। उन्होंने खतरनाक स्थानों पर बैरिकेडिंग, सुरक्षा कर्मियों की तैनाती और प्रशिक्षित गोताखोरों की व्यवस्था की मांग की है।












