close
LIVE UPDATE

झारखंड: घोड़े पर मास्टर साहब: पेट्रोल-डीजल की हुई किल्लत, तो शिक्षक बाइक छोड़ घोड़े पर आने लगे ड्यूटी, जनगणना ड्यूटी करने घोड़े पर निकले…

Jharkhand: Teacher on horseback: Due to shortage of petrol and diesel, teachers left their bikes and started coming to duty on horseback.

झारखंड के एक शिक्षक का अनोखा अंदाज इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है। जनगणना कार्य के लिए शिक्षक मुन्ना प्रसाद गुप्ता बाइक या कार की बजाय घोड़े पर सवार होकर गांव-गांव पहुंच रहे हैं। शिक्षक का कहा है कि पेट्रोल-डीजल की किल्लत के बीच उन्होंने घोड़े को अपनी सवारी के रूप में चुना है। अब मास्टर साहब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।
________________________________________
गढ़वा/17.5.26। पेट्रोल और डीजल की किल्लत क्या हुई, मास्टर साहब अलग ही अंदाज में दिखने लगे। मामला झारखंड के गढ़वा जिले का है, जहां से आई एक तस्वीर इन दिनों सोशल मीडिया पर खूब चर्चा बटोर रही है। यहां एक सहायक शिक्षक ने जनगणना कार्य के लिए ऐसा तरीका अपनाया, जिसे देखकर लोग हैरान भी हैं और प्रभावित भी।

जनगणना शिक्षक का अनूठा अंदाज

दरअसल गढ़वा जिले के राजकीय उत्क्रमित उच्च विद्यालय टाटीदिरी में पदस्थ सहायक शिक्षक मुन्ना प्रसाद गुप्ता को भारत सरकार की ओर से 16 मई से मकान सूचीकरण एवं जनगणना कार्य की जिम्मेदारी दी गई है। इसके तहत उन्हें गांव-गांव जाकर लोगों की जानकारी एकत्र करनी है। उनका कार्यक्षेत्र राजकीय प्राथमिक विद्यालय पनघटवा क्षेत्र निर्धारित किया गया है।

घोड़े पर मास्टर साहब

यूं तो कर्मचारी बाइक, कार या अन्य वाहनों का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन मुन्ना प्रसाद गुप्ता ने अलग रास्ता चुना। वे जनगणना कार्य के लिए घोड़े पर सवार होकर गांवों में पहुंच रहे हैं। ग्रामीण सड़कों पर सफेद कपड़ों में घोड़े पर बैठकर जाते शिक्षक को देखकर लोग हैरान रह गए। कई लोगों ने उनका वीडियो और तस्वीरें अपने मोबाइल में कैद कर सोशल मीडिया पर साझा कर दीं, जिसके बाद यह मामला तेजी से वायरल हो गया।

 

प्राथमिक स्कूल में पदस्थ हैं शिक्षक

शिक्षक मुन्ना प्रसाद गुप्ता का कहना है कि पेट्रोल-डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों ने आम लोगों की जेब पर अतिरिक्त बोझ डाल दिया है। ऐसे में उन्होंने लोगों को संदेश देने के लिए यह अनोखा तरीका अपनाया। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि “जब पेट्रोल-डीजल के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, तब घोड़े की सवारी ज्यादा सस्ती और सुविधाजनक लग रही है।”

सोशल मीडिया पर छाये मास्टर साहब

उनकी यह बात अब सोशल मीडिया पर लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गई है। कई लोग इसे महंगाई पर व्यंग्यात्मक संदेश बता रहे हैं, तो कुछ लोग शिक्षक की सादगी और अलग सोच की तारीफ कर रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में घोड़े का उपयोग पहले आम बात हुआ करता था, लेकिन आधुनिक दौर में किसी सरकारी कर्मचारी को इस तरह काम करते देख लोग आश्चर्यचकित हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि शिक्षक का यह अंदाज भले ही अलग हो, लेकिन इससे एक बड़ा संदेश जरूर गया है। महंगाई का असर अब हर वर्ग पर पड़ रहा है और लोग वैकल्पिक तरीकों के बारे में सोचने को मजबूर हो रहे हैं। कुछ यूजर्स ने इसे “देसी समाधान” बताया, तो कुछ ने इसे “महंगाई पर अनोखा विरोध” कहा।सोशल मीडिया पर वायरल हो रही तस्वीरों और वीडियो में शिक्षक को घोड़े पर सवार होकर गांव की सड़कों से गुजरते देखा जा सकता है।

अमिताभ सिन्हा

अमिताभ सिन्हा hpbltop.com के वरिष्ठ राजनीतिक संपादक हैं। पत्रकारिता में 12 वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्हें भारतीय राजनीति, चुनावी रणनीतियों और संसद की कार्यवाही की गहरी समझ है। अमिताभ की रिपोर्टिंग तथ्यों पर आधारित और निष्पक्ष होती है। वे जटिल सरकारी नीतियों को सरल भाषा में पाठकों तक पहुँचाने में माहिर हैं। खाली समय में वे राजनीतिक इतिहास पढ़ना पसंद करते हैं।
  • ईमेल: amitabh@hpbltop.com

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *