Bihar News: लेडी ASI पुलिस वैन में ही बैठकर गिनने लगी नोट, Viral Video पर ASI व लेडी कांस्टेबल सहित तीन पुलिसकर्मी सस्पेंड, जांच के भी आदेश
मधुबनी में पुलिस वाहन के अंदर नकदी गिनने का वीडियो वायरल होने के बाद महिला ASI सोनल कुमारी समेत तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। मामले की विभागीय जांच जारी है।

Lady ASI Suspend। पुलिस वैन में नोट गिनने वाली महिला दारोगा सहित तीन पुलिसकर्मी सस्पेंड कर दी गयी है। पुलिस जीप में नोट गिनने का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हुआ था। पूरा मामला बिहार के मधुबनी जिले का है, जहां पुलिस विभाग की कार्यशैली पर सवाल खड़े करने वाला एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद बड़ी कार्रवाई की गई है।
वायरल वीडियो में एक महिला पुलिस अधिकारी पुलिस वाहन के अंदर नकदी गिनती हुई दिखाई दे रही हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने जांच के आदेश दिए, जिसके बाद महिला एएसआई समेत तीन पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
पुलिस जीप में नोटों की गिनती, वीडियो ने मचाया बवाल
दरअसल सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में अररिया संग्राम थाना में पदस्थापित सहायक अवर निरीक्षक (ASI) सोनल कुमारी पुलिस वाहन के भीतर रुपये गिनती नजर आ रही हैं। वीडियो सामने आते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और मामले की सत्यता जानने के लिए तत्काल जांच शुरू कर दी गई।हालांकि वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है, लेकिन प्रारंभिक जांच में वीडियो को वास्तविक माना गया है। हालांकि फिलहाल विभाग की तरफ से एक्शन तो ले लिया गया है।
SP ने दिए तत्काल जांच के आदेश
मामले की गंभीरता को देखते हुए मधुबनी के पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने तुरंत जांच के निर्देश दिए। जांच की जिम्मेदारी झंझारपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) सुबोध कुमार सिन्हा को सौंपी गई।जांच के दौरान पता चला कि वायरल वीडियो लगभग दो महीने पुराना है। उस समय पुलिस वाहन में एएसआई सोनल कुमारी के अलावा महिला कांस्टेबल सौंदर्या राय और कांस्टेबल गौतम कुमार भी मौजूद थे।
तीनों पुलिसकर्मी निलंबित
जांच रिपोर्ट मिलने के बाद विभाग ने कड़ी कार्रवाई करते हुए एएसआई सोनल कुमारी, महिला सिपाही सौंदर्या राय और सिपाही गौतम कुमार को निलंबित कर दिया है। तीनों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ड्यूटी के दौरान इस प्रकार की गतिविधियां विभाग की छवि को नुकसान पहुंचाती हैं और ऐसे मामलों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अवकाश पर हैं एएसआई सोनल कुमारी
जांच में यह भी सामने आया कि वीडियो में दिखाई दे रही एएसआई सोनल कुमारी वर्तमान में अवकाश पर हैं। हालांकि विभागीय जांच के दौरान वीडियो में दिखाई दे रही परिस्थितियों और नकदी के स्रोत की भी पड़ताल की जा रही है।वायरल वीडियो के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि पुलिस वाहन में गिने जा रहे रुपये किसके थे और उन्हें किस उद्देश्य से गिना जा रहा था। विभागीय जांच में इन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।









