शिक्षक भर्ती पर बड़ी अपडेट : आज से तेज होगी शिक्षक भर्ती की प्रक्रिया, विभाग ने तैयारी की पूरी, अब आयोग जारी करेगा जल्द विज्ञापन, शिक्षा मंत्री ने ट्रांसफर पर भी किया बड़ा ऐलान
शिक्षक भर्ती को लेकर शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने बड़ा अपडेट दिया है। 20 हजार से अधिक पदों पर भर्ती, अगस्त में विज्ञापन, 29 जुलाई से शिक्षक ट्रांसफर आवेदन और नई ट्रांसफर नीति की पूरी जानकारी पढ़ें।

Teacher Vacancy 2026। सरकारी शिक्षक बनने का इंतजार कर रहे लाखों अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है। राज्य सरकार ने BPSC TRE-4 शिक्षक भर्ती को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंचा दी हैं। आज से शिक्षक भर्ती की प्रक्रिया तेज हो सकती है। इस संबंध में शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने बताया कि भर्ती प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है और 27 जुलाई तक अधियाचना (Requisition) बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) को भेजने की तैयारी है। इसके साथ ही शिक्षकों के तबादले को लेकर भी बड़ा अपडेट दिया गया है।
आज से तेज हो सकती है भर्ती प्रक्रिया
शिक्षा मंत्री ने बताया कि दो जिलों में रोस्टर से जुड़ी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। इसके बाद सामान्य प्रशासन विभाग के माध्यम से अधियाचना BPSC को भेजी जाएगी। विभाग का लक्ष्य तय समय पर सभी औपचारिकताएं पूरी कर अगस्त में TRE-4 भर्ती का विज्ञापन जारी करना है।
20 हजार से ज्यादा पदों पर होगी नियुक्ति
TRE-4 के तहत 20 हजार से अधिक शिक्षकों की भर्ती की जाएगी। राज्य सरकार पहले ही अगले पांच वर्षों में एक लाख शिक्षकों की नियुक्ति का रोडमैप घोषित कर चुकी है। इसके तहत हर वर्ष करीब 20 हजार शिक्षकों की भर्ती का लक्ष्य रखा गया है।
29 जुलाई से शुरू होंगे ट्रांसफर आवेदन
शिक्षकों के स्थानांतरण को लेकर भी शिक्षा विभाग ने तैयारी पूरी कर ली है। 29 जुलाई से ऑनलाइन आवेदन लिए जाएंगे, जबकि आवेदन की अंतिम तिथि 5 अगस्त निर्धारित की गई है। विभाग का लक्ष्य 31 अक्टूबर तक पूरी ट्रांसफर प्रक्रिया समाप्त करना है।
तीन चरणों में होगा शिक्षकों का स्थानांतरण
नई नीति के तहत ट्रांसफर प्रक्रिया तीन चरणों में पूरी होगी—
• पहले चरण में समायोजन और युक्तिकरण।
• दूसरे चरण में पारस्परिक स्थानांतरण।
• तीसरे चरण में सामान्य स्थानांतरण।
महिला और पुरुष शिक्षकों के लिए अलग व्यवस्था
शिक्षा मंत्री ने कहा कि महिला शिक्षकों को उनकी पंचायत या उसके आसपास पदस्थापना देने का प्रयास किया जाएगा। वहीं पुरुष शिक्षकों को उनके नजदीकी प्रखंड में पोस्टिंग देने की योजना है, ताकि अनावश्यक दूरी कम हो और कार्य में सुविधा मिल सके।
TRE-3 शिक्षकों के लिए अलग शेड्यूल
TRE-3 के तहत नियुक्त शिक्षकों के स्थानांतरण के लिए अलग से कार्यक्रम जारी किया जाएगा। विभाग जल्द बैठक कर इसकी तारीख और प्रक्रिया तय करेगा।
लाइब्रेरियन भर्ती पर भी जल्द फैसला
शिक्षा मंत्री ने बताया कि लाइब्रेरियन भर्ती और उनके स्थानांतरण को लेकर भी अगले एक सप्ताह के भीतर निर्णय लिया जा सकता है। हालांकि फिलहाल मॉडल स्कूलों के शिक्षकों के ट्रांसफर पर विचार नहीं किया जा रहा है।
रविवार को भी खुलेगा शिक्षा विभाग
TRE-4 भर्ती की प्रक्रिया समय पर पूरी करने के लिए शिक्षा विभाग रविवार को भी काम करेगा। विभाग की प्राथमिकता तय समय के भीतर अधियाचना BPSC को भेजना और अगस्त में भर्ती का विज्ञापन जारी करना है।









