झारखंड: ईमानदारी हो तो ऐसी !ट्रेन में छूट गया 97 हजार रुपये और लैपटॉप से भरा बैग, फिर RPF ने किया ऐसा काम कि यात्री ने कहा- सलाम!
कोडरमा RPF ने ऑपरेशन अमानत के तहत ट्रेन में छूटा 97 हजार रुपये नकद और लैपटॉप से भरा बैग बरामद कर यात्री को सुरक्षित लौटाया। पढ़ें पूरी खबर।

झुमरीतिलैया (कोडरमा)। शायद ही ऐसा होता है कि ट्रेन में गुम हुआ सामान मिल जाये और वो भी पूरी तरह से सुरक्षित। लेकिन कहते हैं आज के दौर में भी ईमानदारी बची। कहते हैं ट्रेन में सामान छूट जाने के बाद अक्सर यात्रियों की उम्मीदें टूट जाती हैं, लेकिन झारखंड के कोडरमा में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने अपनी ईमानदारी और तत्परता से एक मिसाल पेश की है। ‘ऑपरेशन अमानत’ के तहत आरपीएफ ने एक यात्री का 97 हजार रुपये नकद और लैपटॉप से भरा बैग खोजकर उसके वास्तविक मालिक को सुरक्षित लौटा दिया।
गया स्टेशन पर उतरने के बाद छूट गया बैग
जानकारी के अनुसार, कैमूर (बिहार) निवासी अनिल कुमार ट्रेन संख्या 13306 डाउन के सामान्य कोच में सासाराम से गया की यात्रा कर रहे थे। गया स्टेशन पर उतरने के दौरान उनका काले रंग का लैपटॉप बैग ट्रेन में ही छूट गया। इसके बाद उनके पुत्र शिवम कुमार ने रेल मदद (Rail Madad) पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर बैग खोजने की गुहार लगाई।
RPF ने तुरंत शुरू की तलाश
शिकायत मिलते ही झुमरीतिलैया सुरक्षा नियंत्रण कक्ष ने मामले की सूचना आरपीएफ कोडरमा को दी। प्रभारी निरीक्षक के निर्देश पर गुरपा स्टेशन पर तैनात प्रधान आरक्षी प्रभात कुमार ने ट्रेन के सामान्य कोच की गहन तलाशी ली और कुछ ही देर में बैग बरामद कर लिया।
वीडियो कॉल से कराई पहचान
बैग मिलने के बाद आरपीएफ ने वीडियो कॉल के माध्यम से शिकायतकर्ता से उसकी पहचान कराई। पुष्टि होने पर बैग को सुरक्षित कब्जे में रख लिया गया।
बैग खोलते ही मिला बड़ा सरप्राइज
जब आरपीएफ ने बैग की जांच की तो उसके अंदर 97 हजार रुपये नकद और एक लैपटॉप मिला। हैरानी की बात यह रही कि शिकायतकर्ता ने अपनी शिकायत में बैग में रखी नकदी का कोई जिक्र ही नहीं किया था।बैग में 500 रुपये के 116 नोट और 200 रुपये के 195 नोट मौजूद थे। आरपीएफ ने इसकी जानकारी भी तुरंत शिकायतकर्ता को दी, जिससे वह भावुक हो गए और पुलिसकर्मियों की ईमानदारी की सराहना की।
सत्यापन के बाद लौटाया पूरा सामान
बाद में अनिल कुमार गुरपा आरपीएफ आउट पोस्ट पहुंचे। आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन और सुपुर्दगी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 97 हजार रुपये नकद और लैपटॉप सहित पूरा बैग उन्हें सुरक्षित सौंप दिया गया।
RPF की ईमानदारी की हर ओर हो रही तारीफ
आरपीएफ की इस कार्रवाई की यात्री और उसके परिवार ने जमकर सराहना की। ‘ऑपरेशन अमानत’ के तहत की गई यह कार्रवाई एक बार फिर साबित करती है कि रेलवे सुरक्षा बल यात्रियों की सुरक्षा के साथ-साथ उनके सामान की जिम्मेदारी भी पूरी ईमानदारी से निभा रहा है।









