बस ड्राइवर के घर करोड़ों का खजाना! घर से 5 करोड़ कैश और 10 करोड़ का सोना मिला, जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने बड़ी छापेमारी की कार्रवाई। पत्थर कारोबारी टुलु मंडल के रिश्तेदार के घर से करोड़ों रुपये नकद और भारी मात्रा में सोना बरामद। जानिए पूरा मामला।

Gold Seizure। पुलिस की छापेमारी में बड़ा खुलासा हुआ है। एक बस ड्राइवर के घर से करोड़ों का कैश और जेवहरात मिले हैं। पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में पुलिस की छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में नकदी और सोना मिलने से सनसनी फैल गई है। मोहम्मद बाजार थाना क्षेत्र में पत्थर कारोबारी टुलु मंडल के रिश्तेदार मीनार मंडल के घर पर देर रात शुरू हुई कार्रवाई बुधवार तक जारी रही।
पुलिस ने घर से करोड़ों रुपये नकद और बड़ी मात्रा में सोना बरामद किया है। हालांकि, बरामदगी की कुल राशि को लेकर अलग-अलग दावे सामने आए हैं और पुलिस की ओर से अंतिम आधिकारिक आंकड़ा जारी नहीं किया गया है। इस मामले के तार कई लोगों से जुड़े हो सकते हैं। फिलहाल जांच जारी है।
देर रात छापेमारी, घर से निकला करोड़ों का कैश
बीरभूम पुलिस और अपराध जांच विभाग (CID) की टीम ने मोहम्मद बाजार इलाके में मीनार मंडल के घर पर छापा मारा। तलाशी के दौरान घर में रखे संदूक और अन्य स्थानों से नोटों के बंडल बरामद हुए। नकदी इतनी अधिक थी कि उसकी गिनती के लिए मौके पर पांच नोट गिनने की मशीनें, बड़े ट्रंक और अन्य उपकरण मंगाने पड़े।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ₹5.5 करोड़ से अधिक नकदी और लगभग 15 किलोग्राम सोना बरामद होने की बात कही गई है। वहीं कुछ मीडिया रिपोर्टों में 30 से 32 करोड़ रुपये नकद और 8 से 10 किलो सोना मिलने का दावा भी किया गया है। पुलिस ने अभी तक इन बड़े आंकड़ों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
मुख्यमंत्री ने की कार्रवाई की सराहना
राज्य सरकार की ओर से इस कार्रवाई को बड़ी सफलता बताया गया। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर पुलिस और कानून-व्यवस्था से जुड़े अधिकारियों की सराहना करते हुए लिखा कि अवैध खनन और रेत माफिया के खिलाफ कार्रवाई में बड़ी सफलता मिली है। उन्होंने बताया कि ऑपरेशन के दौरान बड़ी मात्रा में अवैध संपत्ति का पता चला है और जांच जारी है।
कौन है मीनार मंडल?
पुलिस के अनुसार, मीनार मंडल पहले सरकारी बस चालक था। बाद में उसने नौकरी छोड़ दी और पत्थर कारोबार से जुड़ गया। जांच एजेंसियों का मानना है कि वह स्थानीय पत्थर कारोबारी टुलु मंडल का करीबी रिश्तेदार है। आशंका है कि पत्थर कारोबार से जुड़ी बड़ी रकम को संदेह से बचाने के लिए उसके घर में रखा गया था।
टुलु मंडल फरार, कई मामलों में नाम
टुलु मंडल बीरभूम का चर्चित पत्थर कारोबारी है। बताया जाता है कि वह कभी तृणमूल कांग्रेस के नेता अनुब्रत मंडल का करीबी रहा है। उसके खिलाफ चुनाव बाद हिंसा समेत कई मामलों में शिकायतें दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक, फिलहाल वह फरार है और उसकी तलाश जारी है।
अब क्या जांच कर रही है पुलिस?
जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि—
• बरामद नकदी और सोने का वास्तविक स्रोत क्या है।
• क्या यह संपत्ति अवैध पत्थर खनन या अन्य कारोबार से जुड़ी है।
• रकम को मीनार मंडल के घर में क्यों रखा गया था।
• मामले में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जांच पूरी होने के बाद ही बरामद संपत्ति और उसके स्रोत को लेकर आधिकारिक जानकारी साझा की जाएगी।








