दामाद संग सास फिर फरार : दिवाली के पहले सास का धमाका, दामाद संग हो गयी फरार, जमीन में गाड़े लाखों के पुश्तैनी जेवरात भी ले भागी, रोते-रोते पति पहुंचा SP के पास
एक महिला पर बीमार पति को छोड़कर अपने दामाद के साथ फरार होने और घर में जमीन के नीचे छिपाकर रखे 2 किलो चांदी व 80 ग्राम सोने के पुश्तैनी जेवर ले जाने का आरोप है। परिवार ने एसपी से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।

Saas -Damad Love Story। एक और सास पर प्यार की खुमारी चढ़ गयी। प्यार ने इतना उफान मारा कि दामाद को लेकर ही फरार हो गयी। अब पति परेशान है, वो रोते-रोते एसपी से गुहार लगा रहा है। दामाद के साथ सिर्फ पत्नी भागी ही नहीं, बल्कि लाखों का पुश्तैनी जेवर भी ले भागी। दिवाली के पहले सास का ये बड़ा धमाका उत्तर प्रदेश के उन्नाव से सामने आया है।
पति व बेटा ने इस संबंध में शिकायत की है। बताया जा रहा है कि यहां एक महिला पर अपने बीमार पति को छोड़कर दामाद के साथ फरार होने का आरोप लगा है। इतना ही नहीं, परिवार का दावा है कि महिला घर में जमीन के नीचे गाड़कर रखे पुश्तैनी जेवर भी खोदकर अपने साथ ले गई। इन जेवरों में करीब 2 किलो चांदी और 80 ग्राम सोना शामिल बताया जा रहा है। पत्नी के अचानक घर छोड़कर चले जाने से परेशान बीमार पति और बेटा न्याय की गुहार लेकर एसपी कार्यालय पहुंचे हैं। परिवार ने महिला के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
बेटी की मौत के बाद बहनोई से बढ़ीं नजदीकियां, पिता के विरोध पर होता था विवाद
पीड़ित परिवार के बेटे ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि करीब 15 साल पहले उसकी बहन की शादी सोहरामऊ थाना क्षेत्र में हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद बहन के पति ने उसकी हत्या कर दी थी। बेटे का दावा है कि बहन के बच्चे की परवरिश को देखते हुए उस समय परिवार ने मुकदमा दर्ज नहीं कराया था।
इसके बाद आरोप है कि उसकी मां और बहनोई के बीच नजदीकियां बढ़ने लगीं। बहनोई का घर आना-जाना शुरू हो गया। जब बीमार पिता ने इस रिश्ते का विरोध किया तो घर में विवाद होने लगे। परिवार का आरोप है कि दोनों के बीच नजदीकियां लगातार बनी रहीं और अब महिला उसी बहनोई के साथ घर छोड़कर चली गई है।
पहले नाती के नाम कर दी 10 बीघा जमीन, फिर घर से हुई गायब
परिवार की शिकायत के मुताबिक, महिला ने 14 सितंबर को अपनी 10 बीघा जमीन नाती के नाम हस्तांतरित कर दी थी। इसके बाद 2 नवंबर को वह मौका पाकर घर से चली गई। परिजनों का आरोप है कि महिला के जाने के बाद जब घर की तलाशी ली गई तो पता चला कि कोठरी में जमीन के नीचे छिपाकर रखे गए पुश्तैनी गहने भी गायब हैं।
परिवार का दावा है कि इन गहनों में करीब 2 किलो चांदी और 80 ग्राम सोने के आभूषण शामिल थे। आरोप है कि महिला ने जमीन खोदकर इन जेवरों को निकाला और अपने साथ ले गई। परिवार के मुताबिक, इनकी कीमत लाखों रुपये है।
बीमार पति और बेटा पहुंचे एसपी कार्यालय, कार्रवाई की मांग
महिला के घर छोड़कर जाने और पुश्तैनी जेवर गायब होने के मामले में पीड़ित परिवार ने पहले अजगैन थाने में शिकायत की थी। हालांकि, परिजनों का आरोप है कि वहां उनकी शिकायत पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
इसके बाद बीमार पति और बेटा एसपी कार्यालय पहुंचे और पूरे मामले की शिकायत की। एसपी जयप्रकाश सिंह ने मामले की जांच कराकर शीघ्र कार्रवाई का भरोसा दिया है। फिलहाल महिला पर लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच और आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।












