झारखंड : स्कूल में बड़ा हादसा, क्लास के दौरान स्कूली बच्चों के सर पर गिरा पर छत का हिस्सा, कई स्कूली बच्चे घायल, शिक्षा विभाग के अफसर पहुंचे मौके पर..
Jharkhand: Major incident at a school; a portion of the ceiling collapsed onto students during class, leaving several children injured. Education department officials have arrived at the scene.

पलामू (झारखंड)। पलामू जिले के पाटन प्रखंड स्थित डिहरिया न्यू उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय में गुरुवार को बड़ा हादसा हो गया। स्कूल में पढ़ाई के दौरान अचानक छत का प्लास्टर टूटकर बच्चों के ऊपर गिर पड़ा। इस घटना में चार विद्यार्थी घायल हो गए। हादसे के बाद विद्यालय में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि किसी भी बच्चे को गंभीर चोट नहीं आई।
छत का प्लास्टर गिरने से चार बच्चे घायल
जानकारी के मुताबिक, घटना के समय विद्यालय में नियमित रूप से पढ़ाई चल रही थी। इसी दौरान अचानक छत का प्लास्टर टूटकर नीचे बैठे बच्चों पर गिर गया। हादसे में सात वर्षीय आयुष कुमार दुबे, आठ वर्षीय अंश कुमार दुबे, 10 वर्षीय विशाल कुमार और 10 वर्षीय राजकुमार घायल हो गए।
घटना के बाद प्रधानाध्यापक बुलबुल दुबे ने तत्काल सभी घायल बच्चों को पाटन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने बच्चों का प्राथमिक उपचार किया और हालत सामान्य होने पर उन्हें घर भेज दिया।
अधिकारियों ने स्कूल पहुंचकर लिया जायजा
घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन और शिक्षा विभाग के अधिकारी विद्यालय पहुंचे। पाटन सीओ सह बीडीओ आशीष कुमार, बीआरपी ब्रजकिशोर तिवारी, सीआरपी कात्यायन उपाध्याय और किशुनपुर की मुखिया सुमन गुप्ता ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
इसके अलावा जिला शिक्षा पदाधिकारी संदीप कुमार और जिला शिक्षा अधीक्षक सुभाष अनुराग एक्का ने भी स्कूल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने घायल बच्चों के घर जाकर उनका हालचाल जाना और परिजनों से भी बातचीत की।
173 स्कूलों की मरम्मत के लिए मिली सूची
जिला शिक्षा पदाधिकारी संदीप कुमार ने बताया कि डिहरिया विद्यालय का भवन जर्जर हो चुका था, लेकिन इसकी सूचना शिक्षा विभाग को नहीं दी गई थी। उन्होंने जानकारी दी कि जिले के 173 विद्यालयों की मरम्मत कराने के लिए सूची प्राप्त हुई है।
बच्चों की सुरक्षा के लिए स्कूल शिफ्ट करने का आदेश
हादसे को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों ने डिहरिया विद्यालय को तत्काल पंकरी उत्क्रमित मध्य विद्यालय में शिफ्ट करने का निर्देश दिया है। इसके साथ ही पंकरी विद्यालय में शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए दो शिक्षकों का प्रतिनियोजन भी किया जाएगा, ताकि डिहरिया विद्यालय के बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो।
जर्जर स्कूल भवनों की सुरक्षा पर उठे सवाल
डिहरिया विद्यालय में छत का प्लास्टर गिरने की घटना ने सरकारी स्कूलों के जर्जर भवनों और बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। राहत की बात यह है कि हादसे में किसी बच्चे को गंभीर चोट नहीं आई। अब देखना होगा कि जिले के अन्य जर्जर विद्यालयों की मरम्मत को लेकर शिक्षा विभाग कितनी तेजी से कदम उठाता है।












