close
LIVE UPDATE

गर्लफ्रेंड के चक्कर में भाई ने भाई को मार डाला: “मेरी प्रेमिका को क्यों देखता है तू” भाई ने भाई की पत्थर से कुचलकर कर दी हत्या, हुआ गिरफ्तार

Brother kills brother over girlfriend: "Why do you look at my girlfriend?" Brother kills brother by crushing him with a stone, arrested

दुमका/28.1.26। प्रेमिका के चक्कर में दो भाईयों में खूनी जंग हो गयी। विवाद इतना गहराया कि एक भाई ने दूसरे की जान ले ली। पुलिस ने अब इस मामले में आरोपी भाई को गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि आरोपी की गर्लफ्रेंड पर मृतक की भी नजर थी, इसे लेकर ही मामला हत्या तक पहुंचना पड़ा। एसपी ने प्रेसवार्ता कर पूरे हत्याकांड का खुलासा किया है।झारखंड के दुमका जिले से सामने आया यह मामला इसी कहावत को सच साबित करता है, जहां एक युवक ने अपनी प्रेमिका पर गलत नजर रखने के शक में अपने ही चचेरे भाई की बेरहमी से हत्या कर दी।

घटना मसलिया थाना क्षेत्र के हारोरायडीह गांव की है। दो दिन पूर्व बाबूसोल बास्की नामक व्यक्ति ने मसलिया थाने में लिखित आवेदन देकर एफआईआर दर्ज कराई थी। उसने पुलिस को बताया था कि उसके साले चुहापानी हांसदा की पत्थर से कूचकर हत्या कर दी गई है। आवेदन में कहा गया कि चुहापानी अपने चचेरे भाई मनीलाल हांसदा के साथ पास के चूहड़बुना गांव फुटबॉल मैच देखने गया था। लौटते समय कुछ अज्ञात लोगों ने दोनों को घेर लिया और मारपीट की, जिसमें चुहापानी की मौत हो गई, जबकि मनीलाल घायल हो गया।

पुलिस ने कांड संख्या 05/26 के तहत धारा 103(1)/3(5) बीएनएस में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की। लेकिन जब पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ की, तो पुलिस को कहानी में कई विरोधाभास नजर आए। घटनास्थल की परिस्थितियां भी कथित हमले की कहानी से मेल नहीं खा रही थीं।इसके बाद पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू की।

जांच के दौरान शक की सुई उसी मनीलाल हांसदा पर जाकर टिक गई, जो खुद को इस घटना में घायल बता रहा था। संदेह के आधार पर पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान मनीलाल टूट गया और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।दुमका एसपी पीतांबर सिंह खेरवार ने प्रेसवार्ता कर पूरे हत्याकांड का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि आरोपी मनीलाल हांसदा ने स्वीकार किया है कि मृतक चुहापानी हांसदा उसकी प्रेमिका पर पहले से ही गलत नजर रखता था, जिसको लेकर उसके मन में गहरा आक्रोश था।

हत्या वाले दिन दोनों चचेरे भाई एक साथ फुटबॉल मैच देखने गए थे। वहां उन्होंने साथ बैठकर हड़िया (देसी शराब) पी और खाना खाया, जिसका भुगतान मृतक चुहापानी ने किया था। मैच समाप्त होने के बाद रात करीब आठ बजे दोनों घर लौट रहे थे। गांव से कुछ दूरी पहले चुहापानी ने खर्च के 100 रुपये मनीलाल से मांगे, जिस पर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।

पहले से प्रेमिका को लेकर गुस्से में चल रहा मनीलाल रुपये की मांग से और भड़क गया। बात इतनी बढ़ गई कि दोनों में जमकर मारपीट होने लगी। इसी दौरान मनीलाल ने लोहे के कड़े (बाला) और पत्थर से चुहापानी के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल चुहापानी को इलाज के लिए ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

एसपी ने बताया कि आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त खून लगा पत्थर और लोहे का कड़ा पुलिस ने बरामद कर लिया है। फिलहाल आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *