झारखंड में भयंकर आंधी-बारिश : मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी, आरेंज अलर्ट के बाद एक्शन में मंत्री, मौसम विभाग ने कहा…
Severe storm and rain in Jharkhand: Meteorological Department issued a warning, Minister in action after Orange Alert, Meteorological Department said...

झारखंड में मौसम विभाग ने फिर अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के ऑरेंज अलर्ट के बाद अब सरकार एक्शन मोड में है। तेज आंधी, ओलावृष्टि और वज्रपात की चेतावनी के बीच आपदा प्रबंधन विभाग ने सभी जिलों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।
________________________________________
Jharkhand Weather Update/21.3.26 : झारखंड में मौसम का मिजाज काफी बदल गया है। अचानक बदले मौसम ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। मौसम विभाग द्वारा जारी ऑरेंज अलर्ट के बाद राज्य का आपदा प्रबंधन विभाग पूरी तरह सक्रिय हो गया है। विभागीय मंत्री डॉ. इरफान अंसारी स्वयं स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और लगातार अधिकारियों के संपर्क में हैं। मंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि किसी भी संभावित आपदा से निपटने के लिए हर स्तर पर तैयारी पूरी रखी जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और हर हाल में आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी।
इन जिलों में ज्यादा खतरा, मौसम विभाग की चेतावनी
मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में तेज आंधी, ओलावृष्टि और वज्रपात की आशंका जताई है। खासकर रांची, गुमला और खूंटी जैसे जिलों को अधिक संवेदनशील माना जा रहा है। विभाग के अनुसार, अचानक तेज हवाओं के साथ बारिश और बिजली गिरने की घटनाएं हो सकती हैं, जिससे जनजीवन प्रभावित होने की संभावना है।
क्विक रिस्पांस टीम अलर्ट, संसाधनों की व्यवस्था के निर्देश
मौसम स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने सभी उपायुक्तों और विभागीय अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि हर जिले में त्वरित प्रतिक्रिया दल (क्विक रिस्पांस टीम) पूरी तरह सक्रिय रहे।
इसके साथ ही सभी आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन को कहा गया है कि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जाए, ताकि जान-माल के नुकसान को न्यूनतम किया जा सके।
जनता से अपील – सावधानी ही सुरक्षा
मंत्री ने आम लोगों से भी अपील की है कि वे मौसम विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें और सुरक्षित स्थानों पर रहें।खासतौर पर खुले मैदान, पेड़ों के नीचे या बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है। ग्रामीण इलाकों में किसानों को भी सतर्क रहने और मौसम सामान्य होने तक खेतों में काम न करने की सलाह दी गई है।
सरकार का भरोसा – हर स्थिति में त्वरित राहत
आपदा प्रबंधन विभाग ने भरोसा दिलाया है कि राज्य में कहीं भी मौसम से किसी भी प्रकार की आपदा की स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया जाएगा।मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि राज्य सरकार पूरी तरह तैयार है और हर नागरिक की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे लगातार निगरानी बनाए रखें और जरूरत पड़ने पर तुरंत कार्रवाई करें।








