रांची: शादी के दौरान चोरों ने किया बड़ा कांड, जयमाला के दौरान 30 लाख कैश-जेवहरात हो गया पार, पुलिस जांच में जुटी…
Ranchi: Thieves commit a major crime during a wedding; 30 lakh rupees in cash and jewellery were stolen during the garland ceremony; police are investigating.

रांची के बरियातू इलाके में शादी के दौरान उस वक्त हंगामा मच गया, जब शादी के दौरान लाखों के जेवरात व कैश से भरा बैग लेकर चोर नौ दो ग्यारह हो गये। बताया जा रहा है कि एक मैरेज हॉल में शादी समारोह के दौरान नकदी और जेवरात से भरा बैग चोरी हो गया। घटना जयमाला कार्यक्रम के दौरान हुई, जिसमें करीब 25 से 30 लाख रुपये के सामान के गायब होने की बात सामने आई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
________________________________________
रांची/4.5.26। रांची में शादी के दौरान बड़ी चोरी की घटना सामने आई है, जिसने समारोह की खुशियों को पल भर में मातम में बदल दिया। मामला बरियातू थाना क्षेत्र के एक मैरेज हॉल का है, जहां जयमाला कार्यक्रम के दौरान नकदी और जेवरात से भरा बैग चोरी हो गया। जानकारी के अनुसार, नामकुम निवासी विजय कुमार पांडेय अपनी बेटी की शादी के लिए इस मैरेज हॉल में समारोह आयोजित कर रहे थे।
बारात की भीड़ का चोरों ने उठाया फायदा
बारात के आगमन के बीच परिवार और रिश्तेदार खुशी के माहौल में शादी की रस्मों में व्यस्त थे। इसी दौरान जयमाला का कार्यक्रम चल रहा था, जहां सभी की नजर दूल्हा-दुल्हन पर थी। इसी भीड़ और व्यस्तता का फायदा उठाकर चोर ने वारदात को अंजाम दे दिया। चोरों ने इतनी सफाई से वारदात को अंजाम दिया, कि किसी को भनक तक नहीं लगी।
30 लाख का जेवहरात-कैश पार
बताया जा रहा है कि नकदी और जेवरात से भरा बैग विजय पांडेय की पत्नी मंजू पांडेय के पास रखा हुआ था। अचानक किसी अज्ञात नाबालिग ने बैग पर हाथ साफ किया और मौके से फरार हो गया। जब तक परिजनों को घटना की जानकारी होती, तब तक आरोपी वहां से निकल चुका था।पीड़ित परिवार के अनुसार, चोरी हुए बैग में भारी मात्रा में नकद राशि, सोने के आभूषण और एक मोबाइल फोन रखा हुआ था।
जयमाला के दौरान चोरों ने किया कांड
चोरी किए गए सामान की कुल कीमत करीब 25 से 30 लाख रुपये आंकी जा रही है। इस घटना के बाद पूरे मैरेज हॉल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और शादी की खुशियां चिंता में बदल गईं।घटना की सूचना मिलते ही बरियातू थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने सबसे पहले मैरेज हॉल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की है, ताकि आरोपी की पहचान की जा सके। शुरुआती जांच में एक नाबालिग के शामिल होने की बात सामने आई है, जिसकी तलाश जारी है।
मैरेज हॉल पर उठे सवाल
वहीं, पीड़ित पक्ष ने मैरेज हॉल प्रबंधन पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि समारोह में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं थी, जिसका फायदा उठाकर चोर आसानी से वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया। उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द आरोपी की गिरफ्तारी और सामान की बरामदगी की मांग की है।थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और पुलिस की टीम विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है। संदिग्धों की पहचान के लिए तकनीकी सहायता ली जा रही है।








