Jharkhand Weather: रांची सहित इन आठ जिलों में भारी बारिश, झारखंड में कई दिनों तक झमाझम बारिश के आसार; डिप्रेशन का असर दिखेगा प्रदेश में
बंगाल की खाड़ी में बने डिप्रेशन का असर झारखंड में दिखने लगा है। रांची समेत 8 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी, अगले 24 घंटे में तापमान 3-4 डिग्री तक गिरने की संभावना।

रांची। झारखंड में आज कई जिलों में बारिश की चेतावनी मौसम विभाग ने जारी की है। प्रदेश के 8 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होगी। मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की उत्तर-पश्चिम खाड़ी और उससे सटे उत्तर ओडिशा-पश्चिम बंगाल तट पर बने गहरे निम्न दबाव (डिप्रेशन) का असर झारखंड में दिखेगा। मौसम विभाग के मुताबिक डिप्रेशन का साफ तौर पर अब झारखंड को प्रभावित कर रहा है। इसके प्रभाव से राज्यभर में मॉनसून सक्रिय हो गया है और रविवार को अधिकांश जिलों में रुक-रुक कर बारिश हुई।
अगले 24 घंटे में 3 से 4 डिग्री तक गिरेगा तापमान
मौसम विभाग के अनुसार, डिप्रेशन के प्रभाव से अगले 24 घंटों के दौरान झारखंड के अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। इसके बाद अगले चार दिनों तक तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले कई दिनों तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश, मेघगर्जन और कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
6 जुलाई को इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने 6 जुलाई को राज्य के कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इनमें शामिल हैं:
- रांची
- गुमला
- लोहरदगा
- लातेहार
- गढ़वा
- पलामू
- चतरा
- हजारीबाग
इसके अलावा 7 से 9 जुलाई के बीच संताल परगना, रांची और आसपास के क्षेत्रों में भी कई स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।
जगन्नाथपुर में सबसे ज्यादा बारिश
पिछले 24 घंटों के दौरान झारखंड के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक 50.4 मिमी बारिश पश्चिमी सिंहभूम के जगन्नाथपुर में रिकॉर्ड की गई।
अन्य प्रमुख वर्षा आंकड़े:
- हटगम्हरिया – 32.6 मिमी
- गुड़ाबांधा – 27.2 मिमी
- मझगांव – 25.4 मिमी
- रांची (एयरपोर्ट) – 12.4 मिमी
डालटनगंज सबसे गर्म, रांची का अधिकतम तापमान 28°C
बारिश के बावजूद पिछले 24 घंटों में डालटनगंज राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 35.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
प्रमुख शहरों का अधिकतम तापमान:
- डालटनगंज – 35.5°C
- बोकारो – 35.4°C
- जमशेदपुर – 30.2°C
- चाईबासा – 28.4°C
- रांची – 28.0°C
वहीं रांची का न्यूनतम तापमान 22.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
लोगों के लिए सलाह
मौसम विभाग ने भारी बारिश और मेघगर्जन की चेतावनी को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, बिजली चमकने के समय खुले स्थानों पर नहीं रहने और मौसम विभाग की ताजा चेतावनियों पर नजर रखने की सलाह दी गई है।







