Shravani Mela 2026: इस बार श्रावणी मेला में कोई VIP नहीं, सावन में VIP दर्शन बंद, रविवार-सोमवार को नहीं मिलेगा शीघ्रदर्शन कूपन
Shravani Mela 2026 को लेकर देवघर प्रशासन का बड़ा फैसला। इस बार VIP, VVIP और आउट ऑफ टर्न दर्शन पूरी तरह बंद रहेंगे। रविवार और सोमवार को शीघ्रदर्शन कूपन भी जारी नहीं होंगे।

Baba Baidyanath Dham : श्रावणी मेला 2026 को लेकर इस बार कई नियम बदल गये हैं। इस बार बाबा मंदिर में कोई भी VIP-VVIP क्लचर नहीं चलने वाला है। श्रावणी मेला को लेकर देवघर जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। इस बार सावन में VIP, VVIP और आउट ऑफ टर्न दर्शन की व्यवस्था पूरी तरह बंद रहेगी। वहीं रविवार और सोमवार को शीघ्रदर्शनम (त्वरित दर्शन) कूपन भी जारी नहीं किए जाएंगे।
VIP, VVIP और आउट ऑफ टर्न दर्शन पर पूरी तरह रोक
बैठक में उपायुक्त सौरभ भुवानिया ने स्पष्ट किया कि इस बार श्रावणी मेले के दौरान VIP, VVIP और आउट ऑफ टर्न पूजा या दर्शन की कोई व्यवस्था नहीं होगी। सभी श्रद्धालुओं के लिए समान व्यवस्था लागू रहेगी, ताकि किसी को विशेष प्राथमिकता न मिले।प्रशासन का कहना है कि इस निर्णय का उद्देश्य भीड़ प्रबंधन को बेहतर बनाना और आम श्रद्धालुओं को सुगम एवं सुरक्षित दर्शन कराना है।
रविवार और सोमवार को नहीं मिलेगा शीघ्रदर्शन कूपन
प्रशासन ने यह भी निर्णय लिया है कि रविवार और सोमवार, जब श्रद्धालुओं की सबसे अधिक भीड़ रहती है, उन दिनों शीघ्रदर्शनम (त्वरित दर्शन) कूपन पूरी तरह बंद रहेंगे।वहीं सप्ताह के शेष पांच दिनों में रात 8 बजे तक जलार्पण की व्यवस्था जारी रहेगी।
श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा देने पर जोर
डीसी ने कहा कि प्रशासन का लक्ष्य सभी के सहयोग से श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और बेहतर अनुभव के साथ बाबा बैद्यनाथ का जलार्पण कराना है। इसके लिए पूरे मेला क्षेत्र में व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।बैठक में तीर्थ पुरोहितों ने कूपन व्यवस्था की खामियों, प्रोटोकॉल के नाम पर अवैध प्रवेश, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं, यातायात, सुरक्षा, सफाई और मंदिर के पट खुलने-बंद होने के समय सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए।
तीर्थ पुरोहितों के अधिकार सुरक्षित रहेंगे
पंडा धर्मरक्षिणी सभा के अध्यक्ष डॉ. सुरेश भारद्वाज ने कहा कि प्रशासन ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित करे जिससे श्रद्धालुओं के साथ-साथ तीर्थ पुरोहितों को भी किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।वहीं एसडीएम सह बाबा मंदिर प्रभारी रवि कुमार ने भरोसा दिलाया कि तीर्थ पुरोहितों के अधिकारों का किसी भी स्थिति में हनन नहीं होने दिया जाएगा।
श्रावणी मेला शुरू होने से पहले चालू होगा नया ओवरब्रिज
एसडीएम रवि कुमार ने बताया कि मंदिर क्षेत्र में बन रहा नया ओवरब्रिज अगले तीन दिनों में तैयार हो जाएगा और श्रावणी मेला शुरू होने से पहले इसे श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया जाएगा। इससे भीड़ प्रबंधन और आवागमन को और सुगम बनाने में मदद मिलेगी।प्रशासन का कहना है कि इस बार श्रावणी मेले में श्रद्धालुओं की सुविधा, परंपराओं की मर्यादा और सुरक्षा के बीच बेहतर संतुलन बनाते हुए व्यवस्थाएं लागू की जाएंगी।








