रांची : बीवी को नौकरी नहीं मिली तो मोबाइल टावर पर चढ़ गया युवक, रांची में देर रात हाई वोल्टेज ड्रामा, पुलिस भी होती रही परेशान
Ranchi: Man climbs mobile tower after wife fails to get a job; high-voltage drama unfolds late at night in Ranchi, leaving police struggling to handle the situation.

रांची। झारखंड की राजधानी रांची में एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। पत्नी को नौकरी नहीं मिलने से नाराज पति ने आधी रात खूब कोहराम मचाया। नाराज पति देर रात छात्रों के प्रदर्शन स्थल के करीब मोबाइल टावर पर चढ़ गया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। घटना जयपाल सिंह स्टेडियम के पास की है, जब पास में जेपीएससी अभ्यर्थियों का आंदोलन भी चल रहा था। सूचना मिलने के बाद आनन-फानन में पुलिस भी मौके पर पहुंची। करीब चार-पांच घंटे युवक ने खूब ड्रामा किया।
रात 1 बजे टावर पर चढ़ा युवक
पुलिस ने इस संबंध में बताया कि बालूमाथ निवासी हीरालाल शनिवार व रविवार की दरम्यानी देर रात करीब 1 बजे जयपाल सिंह स्टेडियम परिसर स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक का कहना था कि उसकी पत्नी को नौकरी नहीं मिली, जिससे वह लंबे समय से मानसिक तनाव में है। इसी नाराजगी में उसने टावर पर चढ़कर विरोध जताया और अपनी बात सरकार तक पहुंचाने की मांग की।
पुलिस ने घंटों समझाया
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों ने कई घंटों तक युवक को समझाने का प्रयास किया। किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए इलाके की घेराबंदी कर अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था भी की गई।लगातार बातचीत के बाद सुबह करीब 5 बजे युवक सुरक्षित टावर से नीचे उतर आया। इसके बाद पुलिस ने राहत की सांस ली। इस दौरान युवक बार-बार उपर से सरकार को चेतावनी दिया करता था। कई बार पुलिस ने उस मनाने की कोशिश की, लेकिन युवक कुछ भी सुनने को तैयार नहीं था।
जेपीएससी आंदोलन के बीच बढ़ी हलचल
यह घटना ऐसे समय हुई, जब जेपीएससी की कथित अनियमितताओं को लेकर अभ्यर्थियों का आंदोलन जारी है। हालांकि, उपलब्ध जानकारी के अनुसार युवक का टावर पर चढ़ना उसकी पत्नी को नौकरी नहीं मिलने से जुड़ी व्यक्तिगत नाराजगी से संबंधित बताया गया है। इस घटना के बाद पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है। अब जयपाल सिंह स्टेडियम के पास 24 घंटे पुलिस बल की तैनाती की जाएगी, ताकि दोबारा कोई छात्र टावर पर न चढ़े और किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। पुलिस पूरे इलाके की लगातार निगरानी कर रही है।
आपको बता दें कि रांची में छात्रों का आंदोलन चल रहा है। राज्य के विभिन्न जिलों से छात्र रांची पहुंच रहे हैं और आंदोलन में शामिल हो रहे हैं। प्रदर्शनकारी छात्रों का आरोप है कि जेपीएससी परीक्षा प्रक्रिया में गंभीर अनियमितताएं हुई हैं। उनका कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच राज्य स्तर पर संभव नहीं है, इसलिए इसकी जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से कराई जानी चाहिए।









