झारखंड में चमत्कार : बारिश में टूटा घर, तो चमक गयी किस्मत, चांदी के सिक्कों से भरा मटका टूटकर बिखरा, चौंधिया गयी सभी की आंखें, रातोंरात बदल गई परिवार की किस्मत!
A miracle in Jharkhand: A house collapsed during the rain, but fortune smiled—a pot filled with silver coins broke open and scattered, dazzling everyone and changing the family's destiny overnight!

हजारीबाग/डेस्क। पौराणिक कहानियों में अक्सर सुनने को मिलता है कि किसी को अचानक जमीन या घर के भीतर छिपा खजाना मिल गया और उसकी किस्मत बदल गई। झारखंड के हजारीबाग जिले में ऐसा ही एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। लगातार बारिश के कारण एक पुराने कच्चे मकान की दीवार ढह गई और उसके भीतर से चांदी के सिक्कों से भरा मिट्टी का घड़ा (गगरा) निकल आया। घटना के बाद पूरे इलाके में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। सिक्के देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।
दीवार गिरते ही फूटा घड़ा, बिखर गए चांदी के सिक्के
कोई इसे चमत्कारिक घटना मान रहा है तो कोई इसे पूर्वजों की दी हुई अमानत मान रहा है। ये पूरा मामला टाटीझरिया थाना क्षेत्र के अमनारी गांव का है। लगातार बारिश के कारण बढ़न महतो के संयुक्त परिवार के पुराने मिट्टी के मकान की दीवार अचानक ढह गई। जब परिवार के सदस्य मलबा हटाने लगे तो दीवार के भीतर चुनवाकर रखा गया मिट्टी का एक बड़ा घड़ा नीचे गिरकर टूट गया। घड़ा टूटते ही उसमें रखे चांदी जैसे दिखने वाले सैकड़ों सिक्के आंगन में बिखर गए।
पूर्वजों की धरोहर होने की संभावना
ग्रामीणों का मानना है कि यह घड़ा कई दशक पहले परिवार के पूर्वजों ने दीवार के भीतर सुरक्षित रखवाया होगा। पुराने समय में बैंकिंग सुविधा नहीं होने और चोरी-डकैती के डर से लोग अपनी जमा पूंजी, चांदी के सिक्के और आभूषण मिट्टी के बर्तनों में रखकर घर की दीवारों या जमीन के भीतर छिपा दिया करते थे। माना जा रहा है कि यह घड़ा भी उसी परंपरा का हिस्सा है।
सिक्के देखने उमड़ी भीड़
घटना की खबर कुछ ही देर में पूरे गांव और आसपास के इलाकों में फैल गई। देखते ही देखते मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंच गए। हर कोई दीवार के भीतर वर्षों से सुरक्षित रखे गए सिक्कों को देखने के लिए उत्सुक नजर आया।
परिवार ने नहीं छेड़े सिक्के
परिवार के सदस्यों का कहना है कि उन्होंने न तो सिक्कों को हटाया है और न ही घड़े के अवशेषों से कोई छेड़छाड़ की है। समाचार लिखे जाने तक सिक्के और मलबा उसी स्थिति में पड़े थे, जिस स्थिति में दीवार गिरने के बाद मिले थे।
प्रशासन की पुष्टि का इंतजार
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि सिक्के कितने पुराने हैं, उनकी कुल संख्या कितनी है और उनका वास्तविक ऐतिहासिक या आर्थिक मूल्य क्या है। प्रशासन की ओर से भी अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। यदि जांच में ये सिक्के प्राचीन या ऐतिहासिक महत्व के पाए जाते हैं, तो आगे की कार्रवाई पुरातत्व और प्रशासनिक नियमों के अनुसार की जाएगी।








