झारखंड में फिल्मी अंदाज में लूट : इनकम टैक्स अफसर बनकर कारोबारी का किया किडनैप, फिर बीच जंगल में 40 लाख रुपये लूटकर हो गये फरार, पढ़ें पूरा मामला

देवघर। झारखंड के देवघर जिले में लाखों रुपये की लूट हो गयी। अपराधियों ने सरकारी अधिकारी बनकर एक कारोबारी से 40 लाख 50 हजार रुपये की छिनतई कर ली। जसीडीह थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह स्कॉर्पियो सवार पांच अपराधियों ने बिहार के बांका जिले के चांदन स्थित श्याम राइस मिल के संचालक श्याम सर्राफ उर्फ विक्की को रास्ते में रोक लिया। गिरोह के दो सदस्यों ने खुद को आयकर और GST विभाग का अधिकारी बताकर कारोबारी को जांच के नाम पर अपनी गाड़ी में बैठा लिया।
इसके बाद अपराधी उसे टाभाघाट के पास एक सुनसान स्थान पर ले गए, जहां कथित तौर पर मारपीट कर रुपये से भरा बैग छीन लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी कारोबारी को अपने साथ बिहार की ओर ले गए और जमुई जिले के चंद्रमंडीह थाना क्षेत्र स्थित चिहराढ़ाड़ी जंगल के पास उसे गाड़ी से उतारकर फरार हो गए।
कोलकाता जाने के लिए निकले थे कारोबारी
जानकारी के मुताबिक, श्याम सर्राफ शनिवार सुबह करीब 9 बजे राइस मिल से 40.50 लाख रुपये लेकर निकले थे। उन्हें जसीडीह स्टेशन से वंदे भारत एक्सप्रेस पकड़कर कोलकाता जाना था। कारोबारी एक परिचित के साथ बाइक से रेलवे स्टेशन की ओर जा रहे थे।करीब 10 बजे दर्दमारा बॉर्डर पार करने के कुछ ही देर बाद स्कॉर्पियो सवार अपराधियों ने उनकी बाइक को रोक लिया। स्कॉर्पियो में चालक समेत कुल पांच लोग सवार थे।
आयकर और GST अधिकारी बनकर रोकी बाइक
बाइक रुकवाने के बाद गिरोह के दो सदस्यों ने खुद को आयकर विभाग और GST विभाग का अधिकारी बताया। अधिकारियों के नाम पर कारोबारी को जांच का डर दिखाया गया और उसे स्कॉर्पियो में बैठा लिया गया।कारोबारी के साथ बाइक पर मौजूद परिचित को वहीं से वापस भेज दिया गया। इसके बाद अपराधी श्याम सर्राफ को लेकर आगे निकल गए।
सुनसान जगह पर ले जाकर की मारपीट
आरोपी कारोबारी को जसीडीह क्षेत्र के टाभाघाट के आसपास एक सुनसान स्थान पर ले गए। वहां उसके साथ मारपीट की गई और उसके पास मौजूद रुपयों से भरा बैग छीन लिया गया।बैग में 40 लाख 50 हजार रुपये नकद रखे थे। रकम हासिल करने के बाद अपराधी कारोबारी को लेकर जमुई की ओर निकल गए।
जंगल में छोड़कर भागे अपराधी
कुछ दूरी तय करने के बाद आरोपी चंद्रमंडीह थाना क्षेत्र के चिहराढ़ाड़ी जंगल के पास पहुंचे। यहां उन्होंने कारोबारी को स्कॉर्पियो से नीचे उतार दिया और नकदी लेकर फरार हो गए।घटना के बाद कारोबारी ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। सरकारी अधिकारी बनकर इतनी बड़ी रकम की छिनतई किए जाने की घटना के बाद पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच में जुटी है। अ
पराधियों ने जिस तरीके से वारदात को अंजाम दिया, उससे आशंका है कि उन्हें कारोबारी की आवाजाही और उसके पास मौजूद रकम की जानकारी पहले से हो सकती थी। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।











