हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन की तबीयत ज्यादा बिगड़ी, बाहर ले जाने की तैयारी, मुख्यमंत्री व कल्पना सोरेन मंगलवार को पूरे दिन अस्पताल में डटे
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन की तबीयत और बिगड़ गयी है। फिलहाल वो रांची के हिल व्यू अस्पताल में ही भर्ती है,लेकिन उन्हें बाहर ले जाया सकता है। जानें पूरी जानकारी

रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां की तबीयत कुछ ज्यादा ही बिगड़ गयी है। अस्पताल में भर्ती रूपी सोरेन को अब बाहर लेने जाने की तैयारी है। आपको बता दें कि पिछले दिनों झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें रांची के हिल व्यू अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनकी स्थिति को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मंगलवार को दिनभर अस्पताल में रहे और डॉक्टरों से उनके स्वास्थ्य तथा उपचार की जानकारी लेते रहे।
इससे पहले मां की तबीयत अधिक खराब होने के कारण मुख्यमंत्री ने मंगलवार को अपने सभी निर्धारित कार्यक्रम रद्द कर दिए थे। वह करमा महोत्सव में भी शामिल नहीं हुए। मुख्यमंत्री की पत्नी और विधायक कल्पना सोरेन भी मंगलवार को अस्पताल पहुंचीं। दोनों ने इलाज कर रहे चिकित्सकों से रूपी सोरेन के स्वास्थ्य की जानकारी ली और उपचार को लेकर आवश्यक चर्चा की।
सांस लेने में परेशानी के बाद अस्पताल में भर्ती
बताया गया है कि बीते शुक्रवार को रूपी सोरेन की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। घर पर डॉक्टरों ने उनकी स्वास्थ्य जांच की थी। सांस लेने में परेशानी के बाद उन्हें बेहतर उपचार के लिए हिल व्यू अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसके बाद से चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।मंगलवार को उनकी तबीयत और बिगड़ने की जानकारी सामने आई। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, किडनी में संक्रमण की बात भी सामने आई है। स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं होने पर उन्हें आगे के इलाज के लिए दूसरे स्थान पर ले जाने पर विचार किया जा रहा है।
पहले हैदराबाद में भी हुआ था इलाज
रूपी सोरेन का इससे पहले हैदराबाद के एक अस्पताल में भी इलाज कराया जा चुका है। वहां से रांची लौटने के बाद उनकी तबीयत एक बार फिर खराब हो गई, जिसके बाद उन्हें हिल व्यू अस्पताल में भर्ती कराया गया।रूपी सोरेन को ब्रेन और किडनी से जुड़ी परेशानी होने की बात भी सामने आई है। संबंधित विशेषज्ञ चिकित्सक उनकी लगातार निगरानी कर रहे हैं और उपचार कर रहे हैं।
अस्पताल की ओर से आधिकारिक मेडिकल बुलेटिन जारी नहीं
फिलहाल रूपी सोरेन की मौजूदा स्वास्थ्य स्थिति को लेकर अस्पताल की ओर से कोई आधिकारिक मेडिकल बुलेटिन जारी नहीं किया गया है। ऐसे में उनकी स्थिति को लेकर सामने आ रही स्वास्थ्य संबंधी जानकारियों की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। मुख्यमंत्री और परिवार के अस्पताल पहुंचने के बाद चिकित्सकों से लगातार स्वास्थ्य संबंधी जानकारी ली जा रही है।












