पुलिस कर्मी और बहन की मौत : पुलिस कर्मी ने पहले सर्विस रिवॉल्वर से अपनी बहन को मारी गोली फिर खुद कर ली आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस
दानापुर में पुलिसकर्मी ने बहन को मारी गोली, फिर खुद को गोली मारी; दोनों की मौत

Police News: पुलिस विभाग से एक सनसनी खेज मामला सामने आया है जब एक पुलिस कर्मी ने अपने सर्विस रिवॉल्वर से बहन को गोली मार खुद की भी जान ले ली।
मामला बिहार की राजधानी पटना से सटे दानापुर की है जब बुधवार को नासरीगंज इलाके की मिथिला कॉलोनी में बिहार पुलिस के एक सिपाही ने अपनी बहन को गोली मार दी। इसके बाद उसने खुद को भी गोली मार ली। घटना में दोनों की मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से सर्विस रिवॉल्वर और दो खोखे बरामद किए हैं। FSL की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।
मोतिहारी में तैनात था पुलिसकर्मी
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृत पुलिसकर्मी की पहचान ओम चंद्र के रूप में हुई है। वह बिहार पुलिस में सिपाही था और उसकी पोस्टिंग मोतिहारी में बताई जा रही है।
घटना के बाद पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले की जांच की जा रही है और घटना के पीछे की वजह का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
पारिवारिक विवाद की आशंका
प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने अभी घटना की वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस घटनास्थल और आसपास के लोगों से जानकारी जुटा रही है।
क्या कहते है नगर पुलिस अधीक्षक
पटना नगर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी साकेत कुमार ने बताया कि 22 सितंबर की संध्या दो लोगों को गोली लगने की सूचना प्राप्त हुई थी।सूचना के सत्यापन हेतु दानापुर थानाध्यक्ष एवं पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए घटनास्थल पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया गया निरीक्षण के दौरान पाया गया कि बिहार पुलिस में कार्यरत एक व्यक्ति द्वारा अपने सर्विस पिस्टल से पहले अपनी बहन को गोली मार दी गई तथा उसके बाद स्वयं को भी गोली मार ली गई।
घटना की सूचना पर वरीय पुलिस पदाधिकारी एवं FSL टीम को घटनास्थल पर बुलाया गया। दोनों शवों को पोस्टमार्टम हेतु भेजा गया है। घटनास्थल से सर्विस पिस्टल, आवंटित कारतूस तथा खोखा बरामद किया गया है।











