Breaking: प्रदीप यादव और लाल यादव गिरफ्तार : सरकारी परीक्षा गड़बड़ी मामले में बड़ी कार्रवाई
झारखंड CGL परीक्षा गड़बड़ी

हजारीबाग: झारखंड में सरकारी प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी की जांच अब और तेज हो गई है। CGL समेत विभिन्न सरकारी परीक्षाओं में अनियमितता की जांच कर रही CID ने हजारीबाग से दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान लाल यादव और प्रदीप यादव के रूप में हुई है। दोनों को मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पौता गांव से गिरफ्तार किए जाने की जानकारी सामने आई है।
बताया जा रहा है कि CID की टीम पहले दोनों भाइयों से पूछताछ कर चुकी थी। इसके बाद जांच टीम ने उनके घर पर छापेमारी कर कई घंटे तक तलाशी और पूछताछ की थी। अब दोनों की गिरफ्तारी के बाद CID उनसे पूछताछ कर रही है।
जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि झारखंड CGL समेत सरकारी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी में दोनों की क्या भूमिका थी और इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोग कौन हैं।
फिलहाल CID की पूछताछ और जांच जारी है। आगे की कार्रवाई जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों और दोनों आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर होने की संभावना है।










