झारखंड को हर साल13 हजार करोड़ का नुकसान, मुख्यमंत्री ने विधानसभा में पेश किया राजकीय संकल्प, केंद्र सरकार से कानून वापस लेने या पुनर्विचार करने की मांग

रांची: झारखंड को हर साल करीब 13 हजार करोड़ रुपये के राजस्व का नुकसान होने की आशंका को लेकर राज्य सरकार ने केंद्र सरकार के खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन अधिनियम (MMDR Act), 2026 पर कड़ी आपत्ति जताई है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झारखंड विधानसभा के दो दिवसीय विशेष सत्र के दूसरे दिन इस कानून पर पुनर्विचार करने अथवा इसे वापस लेने की मांग से संबंधित राजकीय संकल्प सदन में पेश किया।
राज्य सरकार का कहना है कि केंद्र के नए कानून से राज्यों के संवैधानिक और वित्तीय अधिकार प्रभावित होंगे। इसका असर न केवल संघीय व्यवस्था पर पड़ेगा, बल्कि खनन प्रभावित क्षेत्रों के विकास और राज्य की जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए उपलब्ध संसाधनों पर भी पड़ सकता है।
मुख्यमंत्री बोले, खनन झारखंड की अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सदन की कार्यवाही की शुरुआत में संविधान दिवस के अवसर पर राज्यवासियों और जनप्रतिनिधियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि देश और राज्य को प्रभावित करने वाले कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा के उद्देश्य से 25 और 26 नवंबर को विशेष सत्र बुलाया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खनन झारखंड की आत्मा के समान है। वह स्वयं खान विभाग के प्रभारी मंत्री हैं। इसी विषय की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने संसदीय कार्य मंत्री के बजाय खुद सदन में राजकीय संकल्प पेश किया। उन्होंने सत्ता पक्ष और विपक्ष के सदस्यों से इस महत्वपूर्ण विषय पर सार्थक चर्चा करने की अपील की।
राज्यों के टैक्स लगाने के अधिकार पर लग सकती है रोक
विधानसभा में पेश राजकीय संकल्प के अनुसार, केंद्र सरकार ने 17 अगस्त 2026 को MMDR संशोधन अधिनियम अधिसूचित किया था। इस संशोधन के तहत राज्यों की खनिज अधिकारों और खनिजयुक्त भूमि पर कर, उपकर और सेस लगाने की शक्तियों को सीमित किया गया है।
इसके अलावा पहले से लागू राज्य कर, उपकर और सेस की बकाया या वसूली नहीं की गई राशि से संबंधित दावों को भी अमान्य कर दिया गया है।राज्य सरकार का तर्क है कि नए कानून के प्रभावी होने के बाद राज्य सरकारें केंद्र द्वारा निर्धारित शर्तों के बिना खनिज अधिकारों या खनिजयुक्त भूमि पर कोई अतिरिक्त कर अथवा लेवी नहीं लगा सकेंगी। इससे राज्यों की वित्तीय स्वायत्तता प्रभावित होगी।
सुप्रीम कोर्ट के फैसले का दिया हवाला
झारखंड सरकार ने अपने राजकीय संकल्प में जुलाई 2024 में सुप्रीम कोर्ट की नौ सदस्यीय संविधान पीठ के ऐतिहासिक फैसले का भी उल्लेख किया है। यह फैसला मिनरल एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी बनाम स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड मामले में आया था।
इस फैसले में कहा गया था कि खनिजयुक्त भूमि भी भूमि की श्रेणी में आती है और संविधान की सातवीं अनुसूची की राज्य सूची की प्रविष्टि-49 के तहत राज्य सरकारों को ऐसी भूमि पर कर या उपकर लगाने का अधिकार है। इसके लिए खनिज के मूल्य अथवा उत्पादन को कर निर्धारण का आधार बनाया जा सकता है।राज्य सरकार का मानना है कि केंद्र का नया संशोधन सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद राज्यों को मिले अधिकारों और वित्तीय हितों को प्रभावित कर सकता है।
2024 में झारखंड ने बनाया था मिनरल लैंड सेस कानून
सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद झारखंड विधानसभा ने झारखंड मिनरल बेयरिंग लैंड सेस विधेयक, 2024 पारित किया था। बाद में राज्य सरकार ने इसे कानून का रूप दिया।राजकीय संकल्प के अनुसार, इस कानून के माध्यम से झारखंड को हर साल करीब 13 हजार करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हो रहा है।
इस राशि का उपयोग राज्य के खनन प्रभावित समुदायों के सामाजिक और आर्थिक विकास तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं में किया जा रहा है।राज्य सरकार का कहना है कि नए केंद्रीय कानून के कारण इस राजस्व पर असर पड़ने से विकास योजनाओं के लिए उपलब्ध वित्तीय संसाधन कम हो सकते हैं।
आदिवासी, दलित और पिछड़े समुदायों पर भी पड़ेगा असर
झारखंड सरकार ने संकल्प में खनन प्रभावित क्षेत्रों में रहने वाले आदिवासी, अनुसूचित जाति और आदिम जनजाति समुदायों की स्थिति का भी उल्लेख किया है।राज्य के कई खनन क्षेत्रों में इन समुदायों की बड़ी आबादी रहती है। खनन गतिविधियों के कारण उन्हें विस्थापन, जमीन से बेदखली, पर्यावरण प्रदूषण और सामाजिक-सांस्कृतिक बदलाव जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है।
सरकार का तर्क है कि खनिज संपदा से प्राप्त राजस्व का एक हिस्सा इन समुदायों के सामाजिक और आर्थिक उत्थान पर खर्च करना उसका नैतिक और संवैधानिक दायित्व है। यदि खनिज राजस्व में कमी आती है, तो सामाजिक सुरक्षा, महिला सशक्तीकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य और ग्रामीण विकास से जुड़ी योजनाएं प्रभावित हो सकती हैं।
केंद्र सरकार को भेजा जाएगा राजकीय संकल्प
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने 23 नवंबर 2026 के राज्य सरकार के संकल्प संख्या-2671 को विधानसभा की सहमति से पारित कर केंद्र सरकार को भेजने का प्रस्ताव रखा है।इस संकल्प में MMDR संशोधन अधिनियम, 2026 पर पुनर्विचार करने अथवा इसे वापस लेने की मांग की गई है। मुख्यमंत्री ने मंत्रिपरिषद की स्वीकृति की प्रत्याशा में प्राप्त अनुमोदन के आधार पर इसे सदन में पेश किया। संकल्प पेश होने के बाद विधानसभा में इस पर चर्चा शुरू हुई।
अब इस मुद्दे पर विधानसभा की सहमति और केंद्र सरकार के अगले कदम पर सबकी नजर रहेगी। झारखंड सरकार का मानना है कि खनिज संपदा से मिलने वाले राजस्व पर राज्य का अधिकार सुरक्षित रहना चाहिए, ताकि खनन प्रभावित क्षेत्रों और आम जनता के विकास के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध रह सकें।












