शुभ दिन, फिर भी शादी नहीं, जानिये क्यों? विवाह पंचमी पर हुआ था भगवान राम और माता सीता का विवाह, फिर इस दिन क्यों नहीं होती है शादियां? जानिए क्या है धार्मिक मान्यता
Vivah Panchami 2026: 14 दिसंबर को मनाई जाएगी विवाह पंचमी। भगवान राम और माता सीता का विवाह इसी दिन हुआ था, फिर भी कुछ लोग इस दिन शादी क्यों नहीं करते? जानिए धार्मिक मान्यता।

धर्म डेस्क: हिंदू धर्म में विवाह पंचमी का विशेष धार्मिक महत्व है। मान्यता है कि मार्गशीर्ष मास के शुक्ल पक्ष की पंचमी तिथि को त्रेतायुग में भगवान श्रीराम और माता सीता का विवाह हुआ था। इसी पावन प्रसंग की याद में हर साल विवाह पंचमी का पर्व धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया जाता है। विवाह पंचमी को काफी शुभ दिन माना जाता है, लेकिन हकीकत ये भी है कि शुभ दिन होते हुए भी इस दिन शादी-व्याह नहीं किया जाता है।
दूसरी तरफ विवाह पंचमी के इस दिन अयोध्या से लेकर नेपाल के जनकपुर तक राम-सीता विवाहोत्सव की विशेष धूम रहती है। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि जिस दिन स्वयं भगवान राम और माता सीता का विवाह हुआ, उसी दिन कई परिवार अपने घरों में शादी-विवाह करने से क्यों परहेज करते हैं? इसके पीछे माता सीता के जीवन से जुड़ी एक खास धार्मिक मान्यता प्रचलित है।
कब है विवाह पंचमी 2026?
पंचांग के अनुसार, वर्ष 2026 में विवाह पंचमी का पर्व 14 दिसंबर, सोमवार को मनाया जाएगा। यह त्योहार मार्गशीर्ष मास के शुक्ल पक्ष की पंचमी तिथि को मनाया जाता है।धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इसी तिथि को भगवान श्रीराम और माता सीता का विवाह संपन्न हुआ था। इसलिए इस दिन मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना, रामायण पाठ, भजन-कीर्तन और राम-सीता विवाह की झांकियों का आयोजन किया जाता है। भगवान राम और माता सीता की प्रतिमाओं को दूल्हा-दुल्हन की तरह सजाया जाता है और विवाहोत्सव मनाया जाता है।
शुभ दिन होते हुए भी विवाह पंचमी पर शादी क्यों नहीं करते हैं?
विवाह पंचमी का दिन भगवान राम और माता सीता के दिव्य विवाह की स्मृति में मनाया जाता है। इसके बावजूद मिथिलांचल और नेपाल के कुछ क्षेत्रों में इस दिन अपनी बेटियों का विवाह करने से परहेज किया जाता है।
इसके पीछे माता सीता के जीवन से जुड़ी धार्मिक मान्यताएं बतायी जाती हैं। धार्मिक कथाओं के अनुसार, भगवान राम और माता सीता का विवाह बेहद भव्य और मंगलमय तरीके से हुआ था, लेकिन विवाह के बाद दोनों के जीवन में कई कठिन परिस्थितियां आयीं।
भगवान राम को राजमहल छोड़कर 14 वर्षों का वनवास स्वीकार करना पड़ा। माता सीता भी उनके साथ वनवास गयीं और इस दौरान उन्हें अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। इसके बाद रावण ने उनका अपहरण कर लिया। लंका से वापस आने के बाद माता सीता को अग्निपरीक्षा से गुजरना पड़ा। आगे चलकर प्रजा के बीच उठे सवालों के कारण उन्हें भगवान राम से अलग होकर वन में जीवन बिताना पड़ा।
माता सीता के जीवन के दुखों से जुड़ी है यह मान्यता
लोकमान्यता के अनुसार, माता सीता को विवाह के बाद जिन कठिनाइयों और दुखों का सामना करना पड़ा, उसी वजह से कुछ क्षेत्रों में विवाह पंचमी के दिन बेटियों की शादी नहीं की जाती है।इस परंपरा के पीछे लोगों की भावनात्मक आस्था जुड़ी हुई है। माता सीता को बेटी के रूप में मानने वाले परिवार यह नहीं चाहते कि उनकी बेटी के वैवाहिक जीवन में भी किसी तरह के दुख या कठिनाइयां आएं।
इसी मान्यता के चलते कई परिवार विवाह पंचमी को राम-सीता विवाहोत्सव के रूप में मनाते हैं, लेकिन इस दिन अपने घरों में विवाह समारोह आयोजित करने से बचते हैं।हालांकि, यह एक क्षेत्रीय धार्मिक मान्यता है। पूरे हिंदू समाज में इसे समान रूप से नहीं माना जाता और सभी पंचांगों में इस दिन विवाह पर प्रतिबंध भी नहीं बताया गया है।
अयोध्या और जनकपुर में धूमधाम से मनाया जाता है विवाहोत्सव
विवाह पंचमी का पर्व अयोध्या और नेपाल के जनकपुर में विशेष उत्साह के साथ मनाया जाता है। जनकपुर को माता सीता की जन्मभूमि माना जाता है। यहां हर साल राम-सीता विवाह की पारंपरिक रस्में निभायी जाती हैं।
वहीं अयोध्या में भगवान राम और माता सीता के विवाह की भव्य झांकियां निकाली जाती हैं। मंदिरों में विशेष पूजा, धार्मिक अनुष्ठान और भजन-कीर्तन होते हैं। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर विवाहोत्सव में शामिल होते हैं।
धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से भी खास है विवाह पंचमी
विवाह पंचमी केवल एक धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि भगवान राम और माता सीता के आदर्श वैवाहिक जीवन की स्मृति से जुड़ा उत्सव भी है। इस दिन श्रद्धालु भगवान राम और माता सीता की पूजा कर सुख-शांति और पारिवारिक खुशहाली की कामना करते हैं।
इस तरह विवाह पंचमी को लेकर एक ओर भगवान राम और माता सीता के विवाह की खुशी मनायी जाती है, वहीं दूसरी ओर माता सीता के जीवन के संघर्षों से जुड़ी क्षेत्रीय मान्यताओं के कारण कुछ परिवार इस दिन विवाह करने से परहेज करते हैं। यही वजह है कि शुभ और पवित्र माने जाने वाले इस पर्व पर शादी न करने की परंपरा आज भी कुछ क्षेत्रों में प्रचलित है।












