PAYtm Payments Bank पर लगा ताला? RBI ने बैंक का लाइसेंस किया रद्द, जानिये ग्राहकों के पैसे का क्या होगा…
Paytm Payments Bank has been suspended. RBI has revoked its license. Find out what will happen to customers' money...

RBI ने गंभीर अनियमितताओं और नियमों के उल्लंघन के चलते पेटीएम पेमेंट्स बैंक का लाइसेंस रद्द कर दिया है। बैंक अब किसी भी प्रकार की बैंकिंग सेवाएं नहीं दे सकेगा।
________________________________________
PAYtm Payments Bank बैंकिंग सेक्टर में एक बड़ा और सख्त कदम उठाते हुए भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने पेटीएम पेमेंट्स बैंक लिमिटेड का बैंकिंग लाइसेंस रद्द कर दिया है। केंद्रीय बैंक के इस फैसले के बाद अब पेटीएम पेमेंट्स बैंक किसी भी प्रकार की नियमित बैंकिंग सेवाएं—चाहे नए ग्राहकों के लिए हों या पुराने—प्रदान नहीं कर सकेगा। ये एक्शन तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है।
इस कार्रवाई पर RBI ने अपने आधिकारिक बयान में स्पष्ट किया कि बैंक का कामकाज और उसका प्रबंधन जमाकर्ताओं और आम जनता के हित में नहीं पाया गया। साथ ही बैंक ने अपने लाइसेंस से जुड़ी कई शर्तों का पालन करने में गंभीर चूक की है, जो बैंकिंग रेगुलेशन एक्ट के तहत बड़ा उल्लंघन माना गया है।
जानिये क्यों हुआ एक्शन
RBI के अनुसार, पेटीएम पेमेंट्स बैंक ने बैंकिंग रेगुलेशन एक्ट की धारा 22 (3) (b) का पालन नहीं किया, जिसके तहत बैंक का संचालन जमाकर्ताओं के हितों के विपरीत पाया गया। इसके अलावा, धारा 22 (3) (c) के तहत बैंक के प्रबंधन का रवैया भी संदिग्ध और जनहित के खिलाफ माना गया। वहीं, लाइसेंस की मूल शर्तों को पूरा करने में विफल रहने के कारण इसे धारा 22 (3)(g) के तहत गंभीर उल्लंघन माना गया।
पहले भी हो चुकी है कार्रवाई
RBI ने यह भी बताया कि बैंक को पहले कई बार चेतावनी दी जा चुकी थी। मार्च 2022 में ही बैंक को नए ग्राहक जोड़ने से रोक दिया गया था। इसके बाद जनवरी और फरवरी 2024 में बैंक के संचालन पर कई तरह की पाबंदियां लगाई गई थीं, जिनमें खातों में पैसे जमा करने, क्रेडिट करने और वॉलेट टॉप-अप करने पर भी रोक शामिल थी। इसके बावजूद बैंक अपनी कार्यप्रणाली में सुधार नहीं कर सका।
ग्राहकों के पैसे का क्या होगा?
RBI का मानना है कि अब इस बैंक को आगे संचालित करने से कोई सार्वजनिक हित सिद्ध नहीं होता, इसलिए यह कठोर कदम उठाना आवश्यक हो गया। केंद्रीय बैंक अब इस बैंक को पूरी तरह बंद (वाइंडिंग अप) करने के लिए हाई कोर्ट में आवेदन करेगा।हालांकि, राहत की बात यह है कि बैंक के पास अपने जमाकर्ताओं की देनदारियों को चुकाने के लिए पर्याप्त नकदी उपलब्ध है।
इससे ग्राहकों के पैसे को लेकर तत्काल संकट की स्थिति नहीं बनने की संभावना जताई जा रही है।इस फैसले के बाद लाखों ग्राहकों के सामने यह सवाल खड़ा हो गया है कि उनके खातों और सेवाओं का क्या होगा। हालांकि आरबीआई ने आश्वस्त किया है कि ग्राहकों का पैसा पूरी तरह से सुरक्षित है।








