छात्रगण ध्यान दें ! पॉलिटेक्निक व पारा मेडिकल कोर्स में आवेदन की लास्ट डेट बढ़ी, जानिये कब तक भर सकेंगे फार्म, परीक्षा की डेट भी जारी
Attention students! The last date for applications for Polytechnic and Paramedical courses has been extended. Find out when you can fill out the forms. Exam dates have also been released.

Admission News संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद ने डिप्लोमा-सर्टिफिकेट प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा (DCECE) 2026 के अभ्यर्थियों को बड़ी राहत देते हुए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। पर्षद के इस फैसले से उन हजारों छात्रों को फायदा मिलेगा, जो किसी कारणवश निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन नहीं कर पाए थे।
दरअसल बिहार संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद द्वारा जारी नई अधिसूचना के अनुसार, अब अभ्यर्थी 27 अप्रैल 2026 की रात 10 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। पहले आवेदन की अंतिम तिथि 21 अप्रैल निर्धारित थी, जिसे अब छात्रहित को ध्यान में रखते हुए आगे बढ़ाया गया है।
शुल्क भुगतान की तिथि भी बढ़ी
पर्षद ने परीक्षा का आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि में भी विस्तार किया है। अभ्यर्थी अब 27 अप्रैल की रात 11 बजे तक नेट बैंकिंग, डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड या यूपीआई के माध्यम से शुल्क का भुगतान कर सकते हैं। इससे छात्रों को आवेदन प्रक्रिया पूरी करने के लिए अतिरिक्त समय मिल गया है।
सुधार का मिलेगा मौका
किसी अभ्यर्थी के आवेदन फॉर्म में कोई त्रुटि रह जाती है, तो उसे सुधारने का भी अवसर दिया गया है। छात्र 28 और 29 अप्रैल को ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपने आवेदन में आवश्यक संशोधन कर सकेंगे। हालांकि, पर्षद ने स्पष्ट किया है कि केवल वे ही अभ्यर्थी इस सुविधा का लाभ उठा पाएंगे, जिन्होंने 27 अप्रैल तक सफलतापूर्वक आवेदन पूरा कर लिया होगा। इसके बाद किसी भी परिस्थिति में सुधार का मौका नहीं दिया जाएगा।
परीक्षा तिथियों की घोषणा
पर्षद ने परीक्षा की संभावित तिथियों का भी ऐलान कर दिया है। पालिटेक्निक इंजीनियरिंग (PE) की परीक्षा 23 मई 2026 को आयोजित की जाएगी, जबकि पैरा मेडिकल (PM/PMM) की परीक्षा 24 मई 2026 को होगी। इसके लिए प्रवेश पत्र 20 मई को आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दिए जाएंगे।
पर्षद ने सभी अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे आवेदन करते समय सभी जानकारी ध्यानपूर्वक भरें और अंतिम तिथि से पहले ही प्रक्रिया पूरी कर लें। साथ ही परीक्षा से जुड़ी किसी भी अपडेट के लिए नियमित रूप से आधिकारिक वेबसाइट bceceboard.bihar.gov.in पर नजर बनाए रखें।









