Jharkhand NHM Salary: दिवाली से पहले स्वास्थ्यकर्मियों को मिलेगा बकाया वेतन, अपर मुख्य सचिव ने जारी किए सख्त निर्देश, कहा, वेतन में देरी हुई तो निपटेंगे अफसर
झारखंड में NHM संविदाकर्मियों, आउटसोर्स कर्मचारियों और सहियाओं का 30 सितंबर तक का बकाया वेतन दिवाली से पहले देने का निर्देश। देरी पर अधिकारियों की जवाबदेही तय होगी।

रांची। दुर्गापूजा तो स्वास्थ्यकर्मियों का बहुत अच्छा नहीं गुजरा, लेकिन दिपावली उनकी जरूर बेहतर गुजरेगी। झारखंड में स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों के लंबित वेतन और मानदेय भुगतान को लेकर सरकार ने सख्ती दिखाई है। स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने सभी जिलों के अधिकारियों को निर्देश दिया है कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के संविदा कर्मियों, आउटसोर्स कर्मचारियों और सहियाओं का 30 सितंबर 2026 तक का बकाया भुगतान दिवाली से पहले सुनिश्चित किया जाए। भुगतान में देरी या लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय कर कार्रवाई की जाएगी।
दिवाली से पहले बकाया वेतन भुगतान का निर्देश
बैठक में अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने सभी जिलों के सिविल सर्जन और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इस दौरान स्वास्थ्यकर्मियों के लंबित वेतन और मानदेय का मुद्दा प्रमुखता से उठा।
बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि एनएचएम के संविदा कर्मचारियों, आउटसोर्स कर्मियों और सहियाओं के बकाया भुगतान को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए। विभाग ने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर भुगतान सुनिश्चित करना संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी होगी।
भुगतान में देरी पर अधिकारियों की तय होगी जवाबदेही
स्वास्थ्य विभाग ने लंबित भुगतान के मामलों में लापरवाही को गंभीरता से लिया है। अपर मुख्य सचिव ने कहा कि भुगतान प्रक्रिया में अनावश्यक देरी होने पर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है।
राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम (NTEP) के तहत अप्रैल से अक्टूबर 2026 तक के खर्च और भुगतान से जुड़ी प्रक्रियाओं को भी समय पर पूरा करने का निर्देश दिया गया है।विभाग ने जिला लेखा प्रबंधकों, प्रखंड लेखा प्रबंधकों और अन्य संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भुगतान संबंधी प्रक्रियाएं समय पर पूरी करने को कहा है।
अब HRIS पोर्टल से होगा वेतन भुगतान
स्वास्थ्यकर्मियों के वेतन भुगतान की प्रक्रिया को व्यवस्थित करने के लिए मानव संसाधन सूचना प्रणाली (HRIS) पोर्टल का इस्तेमाल किया जाएगा।बैठक में बताया गया कि स्वास्थ्य विभाग के मुख्यालय में कार्यरत एनएचएम कर्मियों के अक्टूबर महीने के वेतन का भुगतान नवंबर में एचआरआईएस पोर्टल के माध्यम से किया जाएगा।
नवंबर महीने के वेतन भुगतान के लिए दिसंबर में इसी व्यवस्था के तहत तैयारी करने का निर्देश दिया गया है।सभी जिलों को भी पोर्टल के माध्यम से भुगतान के लिए जरूरी प्रक्रियाएं समय पर पूरी करनी होंगी।
पहले NHM संविदाकर्मियों, फिर आउटसोर्स कर्मचारियों का भुगतान
निर्देशों के अनुसार, भुगतान प्रक्रिया में पहले एनएचएम के संविदा कर्मचारियों और उसके बाद आउटसोर्स कर्मियों के वेतन भुगतान की कार्रवाई की जाएगी।भविष्य में सहियाओं के भुगतान को भी मुख्यालय के माध्यम से करने की व्यवस्था प्रस्तावित है। इसके लिए संबंधित अधिकारियों को जरूरी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
स्वास्थ्यकर्मियों को भुगतान का इंतजार
झारखंड में स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े कर्मचारियों के लिए बकाया वेतन और मानदेय का भुगतान महत्वपूर्ण मुद्दा बना हुआ है। सरकार ने दिवाली से पहले लंबित राशि का निपटारा करने का निर्देश दिया है। अब कर्मचारियों की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि जिलों में भुगतान की प्रक्रिया कितनी तेजी से पूरी होती है।












