चार दिन बैंक बंद : आज से चार दिन के लिए बंद हो गये बैंक, ग्राहकों को होने वाली है बड़ी दिक्कत, SBI बैंक ने अपने ग्राहकों से कहा…
Banks closed for four days: Starting today, banks will be closed for four days, customers will face a lot of problems, SBI told its customers…

Bank Closed : बैंक ग्राहकों के लिए जरूरी सूचना है। छुट्टियों और देशव्यापी बैंक हड़ताल के चलते बैंक आज से चार दिन तक के लिए बंद हो गये हैं। 24 से 27 जनवरी तक लगातार चार दिन बैंकिंग सेवाएं प्रभावित रहेंगी। इसे लेकर भारतीय स्टेट बैंक (SBI) ने ग्राहकों को पहले ही सतर्क कर दिया है और डिजिटल सेवाओं के उपयोग की अपील की है।
शनिवार यानि आज से बैंकों में लगातार चार दिन तक नियमित कामकाज नहीं होगा, जिसकी मुख्य वजह छुट्टियां और 27 जनवरी को प्रस्तावित देशव्यापी बैंक हड़ताल है। इसे देखते हुए देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक भारतीय स्टेट बैंक (SBI) ने देर रात अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर नोटिस जारी कर ग्राहकों को आगाह किया है।
एसबीआई ने क्या कहा?
एसबीआई ने अपने आधिकारिक X (पूर्व में ट्विटर) हैंडल पर शुक्रवार रात जारी पोस्ट में स्पष्ट किया कि बैंक यूनियनों ने 26 जनवरी की आधी रात के बाद से 27 जनवरी तक हड़ताल का आह्वान किया है। बैंक ने कहा कि सामान्य कामकाज बनाए रखने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं, लेकिन इसके बावजूद शाखाओं में कामकाज प्रभावित होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
बैंक ने ग्राहकों से अपील की है कि किसी भी तरह की असुविधा से बचने के लिए वे नेट बैंकिंग, योनो ऐप, यूपीआई और अन्य डिजिटल सेवाओं का अधिक से अधिक उपयोग करें। एसबीआई के अनुसार, हड़ताल के दौरान डिजिटल बैंकिंग सेवाएं सामान्य रूप से उपलब्ध रहेंगी।
चार दिन बैंक क्यों रहेंगे बंद?
जनवरी के अंतिम सप्ताह में छुट्टियों और हड़ताल के चलते बैंक लगातार चार दिन बंद रहेंगे—
• 24 जनवरी: चौथा शनिवार (बैंक अवकाश)
• 25 जनवरी: रविवार (साप्ताहिक अवकाश)
• 26 जनवरी: गणतंत्र दिवस (राजपत्रित अवकाश)
• 27 जनवरी (मंगलवार): देशव्यापी बैंक हड़ताल
इन चार दिनों में शाखाओं से जुड़े नकद लेनदेन, चेक क्लियरेंस, पासबुक अपडेट और अन्य गैर-डिजिटल सेवाएं प्रभावित रहेंगी।
5 डे बैंकिंग बना हड़ताल की बड़ी वजह
बैंक कर्मचारियों की यह हड़ताल मुख्य रूप से 5 डे बैंकिंग सिस्टम को लागू करने की मांग को लेकर है। यूनाइटेड फॉर्म ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) का कहना है कि 8 मार्च 2024 को इंडियन बैंक एसोसिएशन (IBA) और यूनियनों के बीच इस मुद्दे पर सहमति बन चुकी थी, लेकिन अब तक केंद्र सरकार की मंजूरी नहीं मिल पाई है। कर्मचारियों का आरोप है कि सरकार इस मुद्दे पर वादाखिलाफी कर रही है।
दिल्ली में वार्ता रही बेनतीजा
गुरुवार को मुख्य श्रम आयुक्त की अध्यक्षता में यूनियनों और सरकार के बीच सुलह बैठक हुई थी, लेकिन कोई ठोस नतीजा नहीं निकल सका। शुक्रवार को हुई दूसरी बैठक भी बेनतीजा रही, जिसके बाद कर्मचारियों ने हड़ताल पर जाने का फैसला किया।बैंकिंग विशेषज्ञों का कहना है कि ग्राहक नकद निकासी, जरूरी भुगतान, चेक जमा और अन्य शाखा आधारित कार्य पहले ही निपटा लें। एटीएम, यूपीआई और मोबाइल बैंकिंग सेवाएं चालू रहेंगी, लेकिन अधिक भीड़ के चलते एटीएम में नकदी की कमी हो सकती है।









