Jharkhand Health Recruitment 2026: स्वास्थ्य विभाग में 13 हजार नौकरियों का ऐलान, 1200 डॉक्टर और 7500 ANM-GNM की होगी भर्ती
झारखंड स्वास्थ्य विभाग में 13 हजार पदों पर बड़ी भर्ती की तैयारी। 1200 डॉक्टर, 7500 ANM-GNM समेत हजारों स्वास्थ्यकर्मियों की होगी नियुक्ति। जानिए पूरी योजना।

Jharkhand Sarkari Naukari : झारखंड में नौकरी का पिटारा खुलने वाला है। झारखंड के स्वास्थ्य विभाग में बंपर भर्तियां होने वाली है। स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा 262 चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपने के कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने घोषणा की कि आने वाले समय में स्वास्थ्य विभाग में करीब 13 हजार पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।
जिन पदों पर नियुक्तियां होगी, उसमें डॉक्टरों से लेकर नर्सिंग स्टाफ और विभिन्न स्वास्थ्यकर्मी शामिल होंगे।सरकार का दावा है कि इन भर्तियों से राज्य के अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं में लंबे समय से बनी कर्मचारियों की कमी दूर होगी। साथ ही दूरदराज क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच और गुणवत्ता में भी सुधार आएगा।
1200 डॉक्टरों की होगी नियुक्ति
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) के माध्यम से राज्य में 1200 डॉक्टरों की भर्ती की जाएगी। विशेषज्ञ और सामान्य चिकित्सकों की कमी को देखते हुए यह नियुक्तियां स्वास्थ्य व्यवस्था को नई मजबूती देंगी।राज्य के कई जिला अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और मेडिकल संस्थानों में डॉक्टरों के रिक्त पद लंबे समय से चिंता का विषय बने हुए हैं। नई नियुक्तियों से मरीजों को बेहतर इलाज मिलने की उम्मीद है।
7500 ANM और GNM पदों पर भर्ती
स्वास्थ्य विभाग की सबसे बड़ी भर्ती प्रक्रिया 7500 ANM और GNM पदों के लिए होगी। इन पदों पर भर्ती झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) के माध्यम से की जाएगी।ग्रामीण क्षेत्रों में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं, टीकाकरण कार्यक्रमों और प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने में ANM और GNM की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है। बड़ी संख्या में होने वाली यह भर्ती स्वास्थ्य तंत्र के लिए गेमचेंजर साबित हो सकती है।
MBBS और PG सीटों में भी बढ़ोतरी
राज्य सरकार ने भविष्य की जरूरतों को देखते हुए मेडिकल शिक्षा के विस्तार पर भी जोर दिया है। स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि MBBS और PG सीटों की संख्या बढ़ाई गई है, ताकि झारखंड में ही अधिक डॉक्टर तैयार किए जा सकें।इसके अलावा राज्य में RIMS-2 की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया, जिससे मेडिकल शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार हो सके।
स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने की तैयारी
सरकार केवल भर्ती तक सीमित नहीं रहना चाहती, बल्कि स्वास्थ्य ढांचे को भी मजबूत करने की योजना बना रही है। स्वास्थ्य मंत्री के अनुसार राज्य में:
• 4000 हेल्थ सब-सेंटरों का उन्नयन
• 303 प्राइमरी हेल्थ सेंटर (PHC) को सुदृढ़ किया जाएगा
• 188 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) को बेहतर बनाया जाएगा
• 108 एंबुलेंस सेवा के लिए नया SOP तैयार किया जाएगा
इन कदमों से ग्रामीण और दूरस्थ इलाकों में स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता बढ़ने की उम्मीद है। स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव ए.के. सिंह ने बताया कि पिछले दो वर्षों में भी लगातार नियुक्तियां की गई हैं। उनके अनुसार:
• वित्तीय वर्ष 2024-25 में 1042 नियुक्तियां
• वित्तीय वर्ष 2025-26 में 331 नियुक्तियां
NHM और स्वास्थ्य विभाग के माध्यम से की जा चुकी हैं।
हाल ही में 262 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिए गए, जिनमें 56 फूड सेफ्टी ऑफिसर, 151 विशेषज्ञ चिकित्सक, 29 सीनियर हॉस्पिटल मैनेजर और 26 फाइनेंस मैनेजर शामिल हैं।
स्वास्थ्य विभाग में होगी नौकरी
करीब 13 हजार पदों पर प्रस्तावित भर्ती झारखंड के युवाओं के लिए रोजगार का बड़ा अवसर लेकर आई है। खासकर मेडिकल, नर्सिंग और स्वास्थ्य प्रबंधन से जुड़े अभ्यर्थियों को आने वाले महीनों में विभिन्न भर्ती प्रक्रियाओं का लाभ मिल सकता है।सरकार का मानना है कि नई नियुक्तियों के जरिए स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के साथ-साथ रोजगार सृजन को भी गति मिलेगी।









