Home Cooking: गरम तेल में अदरक डालने का वायरल जुगाड़ कितना सच? किचन हैक देखकर कहीं आप भी न कर बैठें ये गलती
गरम तेल में अदरक डालने का किचन हैक सोशल मीडिया पर वायरल है। दावा है कि इससे तेल काला नहीं होता और पुरानी गंध भी कम होती है। जानिए इस ट्रिक की सच्चाई।

Home Cooking: सोशल मीडिया पर आए दिन ऐसे किचन हैक्स वायरल होते रहते हैं, जिन्हें देखकर लगता है कि घर के मुश्किल काम अब चुटकियों में आसान हो जाएंगे। इन्हीं दिनों एक ऐसा ही वीडियो चर्चा में है, जिसमें पूड़ी, पकौड़े या पापड़ तलने से पहले गरम तेल में अदरक का छोटा टुकड़ा डालने का दावा किया जा रहा है।
वीडियो में दावा किया जा रहा है कि अदरक का टुकड़ा डालने से तलते समय तेल जल्दी काला नहीं होगा और पहले इस्तेमाल किए गए तेल में मौजूद खाने की गंध भी कम हो जाएगी। इस हैक को देखकर कई लोग इसे आजमाने की बात कर रहे हैं।
लेकिन क्या वाकई अदरक गरम तेल को साफ कर देता है? हालांकि बात सिर्फ अदरख वाली ट्रिक की नहीं है, कई ऐसे जुगाड़ आजकल सोशल मीडिया में आते हैं, जो देखने में तो बहुत प्रभावी होते हैं, लेकिन हकीकत में ऐसा कुछ नहीं होता है।
वायरल वीडियो में क्या किया जा रहा है?
वायरल किचन ट्रिक में गरम तेल में अदरक का एक छोटा टुकड़ा डालकर उसके बाद पूड़ी या पकौड़े तलते हुए दिखाया गया है। दावा है कि इससे तेल में मौजूद गंदगी और तलने के दौरान निकलने वाले कणों का असर कम हो जाता है।
यही वजह है कि यह वीडियो सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच रहा है। खासकर उन घरों में जहां एक ही तेल को दोबारा इस्तेमाल करने की आदत होती है, वहां यह ट्रिक काफी आकर्षक लग सकती है।
असली परेशानी अदरक नहीं, तेल में गिरने वाले कण हैं
पूड़ी, पकौड़े या पापड़ तलते समय आटा, बेसन, मैदा और मसालों के बेहद छोटे कण तेल में गिरते रहते हैं। तेज गर्मी के संपर्क में आने के बाद ये कण जलने लगते हैं और तेल का रंग गहरा दिखाई देने लगता है।अगर तलने के दौरान तेल में लगातार जले हुए कण मौजूद रहें तो वे आगे पकाए जाने वाले खाद्य पदार्थों से चिपक सकते हैं। इसलिए सिर्फ अदरक का टुकड़ा डाल देना तेल को साफ करने का पक्का तरीका नहीं माना जा सकता।
क्या अदरक सच में तेल को साफ कर देता है?
यही इस वायरल हैक का सबसे बड़ा सवाल है। अदरक तेल में मौजूद जले हुए आटे या बेसन के कणों को जादुई तरीके से गायब नहीं करता।अगर तेल में तलने के बाद खाने के कण जमा हो गए हैं, तो उन्हें हटाने का ज्यादा व्यावहारिक तरीका तेल को ठंडा होने के बाद उचित तरीके से छानना है। इसके अलावा तेल को बहुत ज्यादा गर्म करने से भी बचना जरूरी है।यानी अदरक डालने वाली ट्रिक को तेल साफ करने का भरोसेमंद विकल्प समझना सही नहीं होगा।
क्या अदरक पुराने तेल की बदबू भी खत्म कर देता है?
सोशल मीडिया पर यह दावा भी किया जा रहा है कि अदरक डालने से समोसे, पकौड़े या दूसरी चीजें तलने के बाद तेल में बची गंध कम हो जाती है।हालांकि, तेल में पहले से मौजूद तेज गंध को अदरक डालकर पूरी तरह खत्म करने की गारंटी नहीं मानी जा सकती। अगर तेल में किसी खाद्य पदार्थ की तेज गंध या तलने से जुड़े अवशेष मौजूद हैं, तो सिर्फ अदरक डालना उन्हें पूरी तरह दूर करने का भरोसेमंद तरीका नहीं है।
बचे हुए तेल को दोबारा इस्तेमाल करते समय रखें ध्यान
कई घरों में पकौड़े, पूड़ी या समोसे तलने के बाद बचा हुआ तेल दोबारा इस्तेमाल किया जाता है। ऐसे में तेल को बार-बार तेज तापमान पर गर्म करने के बजाय उसकी स्थिति पर ध्यान देना जरूरी है।तेल का रंग बहुत ज्यादा बदल गया हो, उसमें जले हुए कण जमा हों या उसकी गंध और गुणवत्ता खराब लग रही हो, तो उसे दोबारा इस्तेमाल करने से बचना बेहतर है।
वायरल हैक से ज्यादा जरूरी है सही तरीका
सोशल मीडिया पर वायरल होने वाला हर किचन हैक जरूरी नहीं कि उतना प्रभावी हो, जितना वीडियो में दिखाई देता है। गरम तेल में अदरक डालना एक घरेलू ट्रिक के तौर पर आजमाया जा सकता है, लेकिन इसे तेल साफ करने या खराब तेल को दोबारा इस्तेमाल के लायक बनाने का तरीका नहीं समझना चाहिए।
तेल को अपेक्षाकृत साफ रखने के लिए तलते समय तापमान को नियंत्रित रखना, खाद्य पदार्थों के अतिरिक्त कणों को हटाना और जरूरत पड़ने पर तेल को छानना ज्यादा व्यावहारिक उपाय हैं।












