अब एक साथ दो डिग्री ले सकेंगे छात्र, UGC ने पुराने कोर्स को भी दी मान्यता, देखें क्या है आदेश
UGC का बड़ा फैसला: एक साथ दो डिग्री लेने वाले छात्रों को राहत, पुराने कोर्स भी होंगे मान्य

नई दिल्ली: एक साथ दो शैक्षणिक डिग्री हासिल करने वाले छात्रों के लिए विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) ने बड़ा फैसला लिया है। अब UGC के नए दिशा-निर्देश लागू होने से पहले एक साथ दो अकादमिक प्रोग्राम पूरा कर चुके छात्रों की डिग्रियों को भी मान्यता मिल सकेगी। आयोग ने इस संबंध में अपने पुराने दिशा-निर्देशों में आंशिक संशोधन किया है।
UGC सचिव प्रो. मनीष आर. जोशी की ओर से 5 जून 2025 को जारी आधिकारिक पत्र के अनुसार, आयोग की 3 अप्रैल 2025 को आयोजित 589वीं बैठक में Guidelines for Pursuing Two Academic Programmes Simultaneously में संशोधन को मंजूरी दी गई।
बदला UGC का नियम?
पहले UGC के दिशा-निर्देशों में प्रावधान था कि नए नियमों की अधिसूचना से पहले एक साथ दो अकादमिक प्रोग्राम पूरा कर चुके छात्रों को इसका पूर्वव्यापी लाभ नहीं मिलेगा।
लेकिन अब आयोग ने इस प्रावधान में बदलाव कर दिया है। संशोधित नियम के अनुसार, UGC के नए दिशा-निर्देश जारी होने से पहले एक साथ दो डिग्री या अकादमिक प्रोग्राम पूरा करने वाले छात्रों की पढ़ाई को भी वैध माना जा सकता है।

इन शर्तों पर मिलेगी डिग्री को मान्यता?
UGC के संशोधित आदेश में स्पष्ट किया गया है कि पुराने समय में एक साथ दो अकादमिक प्रोग्राम करने वाले छात्रों की पढ़ाई तभी वैध मानी जाएगी, जब:
संबंधित समय में UGC के फर्स्ट डिग्री और मास्टर डिग्री रेगुलेशन का पालन किया गया हो।
संबंधित विश्वविद्यालय के नियमों और अध्यादेशों के अनुरूप पढ़ाई हुई हो।
संबंधित वैधानिक प्रोफेशनल काउंसिल के निर्धारित मानकों का पालन किया गया हो।
जहां लागू हो, UGC के डिस्टेंस एजुकेशन ब्यूरो (DEB) के नियमों का पालन किया गया हो।
सभी विश्वविद्यालयों को जारी हुआ निर्देश
UGC ने देश के सभी विश्वविद्यालयों और उनसे संबद्ध कॉलेजों एवं संस्थानों से संशोधित दिशा-निर्देश लागू करने को कहा है, ताकि छात्रों को इसका लाभ मिल सके।
इस फैसले से उन विद्यार्थियों को राहत मिलने की उम्मीद है, जिन्होंने पहले ही एक साथ दो अकादमिक प्रोग्राम पूरे कर लिए थे, लेकिन पुराने नियमों के कारण उनकी डिग्री की वैधता को लेकर असमंजस बना हुआ था।











