Dhanbad News: 500 रुपये लेकर बना दिया फर्जी आवासीय प्रमाण पत्र! होमगार्ड भर्ती में खुला राज, प्रज्ञा केंद्र सील
धनबाद में होमगार्ड भर्ती के दौरान फर्जी आवासीय प्रमाण पत्र पकड़ा गया। एसडीएम ने प्रज्ञा केंद्र पर छापा मारकर उसे सील किया।

Dhanbad: झारखंड में एक बार फिर फर्जी प्रमाण पत्र बनाने का खेल उजागर हुआ है। सरकारी प्रमाण पत्र बनाने के नाम पर फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि महज 500 रुपये लेकर एक अभ्यर्थी को ऐसा आवासीय प्रमाण पत्र दे दिया गया, जो देखने में सरकारी दस्तावेज जैसा था, लेकिन सरकारी रिकॉर्ड में उसका कोई अस्तित्व ही नहीं था।
होमगार्ड भर्ती के दौरान दस्तावेजों के सत्यापन में इस फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ। मामला सामने आते ही प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए पाथरकुआं पंचायत भवन में संचालित प्रज्ञा केंद्र पर छापेमारी की और उसे सील कर दिया। वहीं, केंद्र संचालक की सीएससी आईडी निरस्त करने की अनुशंसा की गई है।
होमगार्ड भर्ती में दस्तावेज जांच के दौरान खुला फर्जीवाड़ा
दरअसल, होमगार्ड भर्ती प्रक्रिया के तहत चयनित अभ्यर्थी कृष्णपद सोरेन, पिता देबु सोरेन, निवासी बड़बाड़ी गांव, थाना निरसा ने अपना आवासीय प्रमाण पत्र जमा किया था। दस्तावेजों के सत्यापन के दौरान कालियासोल अंचल कार्यालय को प्रमाण पत्र की वैधता पर संदेह हुआ।
इसके बाद झारसेवा पोर्टल पर प्रमाण पत्र की ऑनलाइन जांच कराई गई। जांच में पता चला कि संबंधित प्रमाण पत्र अंचल कार्यालय से कभी जारी ही नहीं किया गया था। विभागीय रिकॉर्ड के अनुसार, आवेदन में त्रुटि होने के कारण उसे लंबित रखा गया था अथवा वापस कर दिया गया था। इसके बावजूद अभ्यर्थी को डिजिटल हस्ताक्षरयुक्त फर्जी प्रमाण पत्र उपलब्ध करा दिया गया।
500 रुपये लेकर सीएससी संचालक ने दिया था प्रमाण पत्र
अभ्यर्थी कृष्णपद सोरेन ने अपनी शिकायत में बताया कि वर्ष 2023 में उसने गांव के ही सीएससी संचालक अभिजीत दास के माध्यम से आवासीय प्रमाण पत्र के लिए आवेदन किया था। इसके लिए उसने संचालक को 500 रुपये भी दिए थे।
आरोप है कि आवेदन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद उसे सरकारी दस्तावेज जैसा दिखने वाला प्रमाण पत्र दे दिया गया। अभ्यर्थी ने इसी प्रमाण पत्र को होमगार्ड भर्ती में जमा किया था। सत्यापन के दौरान फर्जीवाड़ा सामने आने से अब उसकी भर्ती प्रक्रिया भी प्रभावित हो सकती है।
एसडीएम की टीम ने मारा छापा, प्रज्ञा केंद्र सील
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम लोकेश बारंगे ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद एसडीएम लोकेश बारंगे, अंचल अधिकारी अशोक कुमार सिन्हा और डीपीओ यूआईडी अमित कुमार की संयुक्त टीम ने पाथरकुआं पंचायत भवन स्थित प्रज्ञा केंद्र में छापेमारी की।जांच के बाद प्रशासन ने संबंधित केंद्र को सील कर दिया। साथ ही संचालक अभिजीत दास की सीएससी आईडी निरस्त करने की अनुशंसा की गई है।
फर्जी सरकारी दस्तावेज बनाने के मामले में कानूनी कार्रवाई
प्रशासन की ओर से मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। फर्जी सरकारी दस्तावेज तैयार करने और लोगों को गुमराह करने के आरोप में संबंधित संचालक के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इस घटना ने सरकारी प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया और कॉमन सर्विस सेंटरों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए ह












