close
LIVE UPDATE

खांसते वक्त छाती में होता है दर्द, कहीं लंग कैंसर तो नहीं? जिस खांसी को समझ रहे सामान्य, वह हो सकती है गंभीर बीमारी का संकेत

खांसते समय छाती में दर्द और तीन सप्ताह से ज्यादा खांसी लंग कैंसर का संकेत हो सकती है? जानिए डॉक्टरों की सलाह, शुरुआती लक्षण और जांच कब जरूरी है।

नई दिल्ली। सर्दियों का मौसम आते ही खांसी-जुकाम की समस्या आम हो जाती है। लेकिन कभी-कभी खांसी आपके लिए जानलेवा भी साबित हो सकता है। अगर मौजूदा वक्त की बात करें तो प्रदूषण, स्मॉग और बदलते मौसम के कारण लोग लगातार खांसी को सामान्य सर्दी-जुकाम या एलर्जी समझकर नजरअंदाज कर देते हैं। कई लोग कफ सिरप लेकर काम चलाते रहते हैं। लेकिन क्या हो अगर आपकी लगातार बनी रहने वाली खांसी किसी गंभीर बीमारी का संकेत हो? क्या खांसते समय छाती में दर्द होना फेफड़ों के कैंसर यानी लंग कैंसर का लक्षण हो सकता है?

डॉक्टरों के मुताबिक, लंग कैंसर के शुरुआती लक्षण कई बार सामान्य सांस संबंधी समस्याओं जैसे ही दिखाई देते हैं। यही वजह है कि लोग समय रहते इन संकेतों को पहचान नहीं पाते। खासकर अगर खांसी तीन सप्ताह से ज्यादा समय तक बनी रहे या पहले से धूम्रपान करने वाले व्यक्ति की खांसी के पैटर्न में अचानक बदलाव आए, तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।

ये खबर भी पढ़ें…
Plugin developed by ProSEOBlogger. Get free gpl themes.

खांसी के साथ छाती में दर्द, क्या लंग कैंसर का संकेत है?

खांसी के साथ छाती में दर्द होना हमेशा कैंसर का संकेत नहीं होता। कई बार लगातार और तेज खांसने से छाती की मांसपेशियों और पसलियों पर दबाव पड़ता है, जिससे दर्द और खिंचाव महसूस हो सकता है।

सफदरजंग अस्पताल के पल्मोनोलॉजी विभाग के पूर्व चिकित्सक डॉ. धीरज रावत के मुताबिक, लगातार कई दिनों तक खांसने से छाती की मांसपेशियों पर दबाव बढ़ता है। इससे मांसपेशियों में खिंचाव और दर्द हो सकता है। खांसते समय यह दर्द और बढ़ जाता है।

ये खबर भी पढ़ें…
Plugin developed by ProSEOBlogger. Get free gpl themes.

हालांकि, अगर खांसी के साथ लगातार छाती में दर्द हो रहा है और इसके अलावा सांस लेने में परेशानी, खून वाला बलगम या बिना वजह वजन कम होने जैसे लक्षण भी दिखाई दे रहे हैं, तो तुरंत डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है।

तीन सप्ताह से ज्यादा खांसी है तो न करें नजरअंदाज

डॉक्टरों के अनुसार, सामान्य खांसी के ज्यादातर मामले दो से तीन सप्ताह में ठीक हो जाते हैं। लेकिन अगर खांसी तीन सप्ताह से ज्यादा समय तक बनी रहती है, तो इसकी जांच करानी चाहिए।

ये खबर भी पढ़ें…
Plugin developed by ProSEOBlogger. Get free gpl themes.

बीएलके-मैक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल और मैक्स साकेत के वाइस चेयरमैन एवं हेड क्लिनिकल एडमिनिस्ट्रेशन डॉ. सज्जन राजपुरोहित बताते हैं कि लंग कैंसर के शुरुआती संकेत सामान्य सांस संबंधी समस्याओं जैसे हो सकते हैं। इसलिए लंबे समय तक बनी रहने वाली खांसी को हल्के में नहीं लेना चाहिए।

ध्यान देने वाली बात यह भी है कि लंबे समय तक खांसी रहने का मतलब यह नहीं कि व्यक्ति को कैंसर ही है। एसिड रिफ्लक्स, अस्थमा, एलर्जी, नाक से पानी बहना और कुछ दवाएं भी लगातार खांसी की वजह हो सकती हैं।

फेफड़ों के कैंसर के ये लक्षण दिखें तो रहें सतर्क

लंग कैंसर के कुछ मामलों में शुरुआती दौर में स्पष्ट लक्षण दिखाई नहीं देते। कई बार नियमित जांच या एक्स-रे के दौरान इसका पता चलता है। हालांकि, कुछ चेतावनी संकेत ऐसे हैं जिन्हें नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
• तीन सप्ताह से ज्यादा समय तक लगातार खांसी रहना।
• पुरानी खांसी के पैटर्न में अचानक बदलाव आना।
• खांसते समय बलगम में खून आना।
• लगातार छाती में दर्द या भारीपन महसूस होना।
• सांस लेने में परेशानी होना।
• बिना किसी स्पष्ट कारण के वजन कम होना।
• भूख में कमी आना।
• हड्डियों में लगातार दर्द होना।
• सांस लेते समय घरघराहट की आवाज आना।
इनमें से कोई लक्षण दिखाई देने पर चिकित्सकीय जांच कराना जरूरी है। इन लक्षणों का होना अपने आप में कैंसर की पुष्टि नहीं करता।

किन लोगों में लंग कैंसर का खतरा ज्यादा?

कुछ ऐसे कारक हैं जो फेफड़ों के कैंसर का जोखिम बढ़ा सकते हैं। इनमें प्रमुख रूप से शामिल हैं:
1. धूम्रपान: सिगरेट और अन्य तंबाकू उत्पादों का सेवन फेफड़ों के कैंसर का सबसे प्रमुख जोखिम कारक है। लंबे समय तक धूम्रपान करने वालों में इसका खतरा अधिक रहता है।
2. सेकंड हैंड स्मोक: जो लोग खुद धूम्रपान नहीं करते, लेकिन घर, ऑफिस या बंद जगहों पर दूसरों के सिगरेट के धुएं के संपर्क में रहते हैं, उनमें भी लंग कैंसर का जोखिम बढ़ सकता है।
3. एस्बेस्टस का संपर्क: एस्बेस्टस के सूक्ष्म रेशे सांस के जरिए फेफड़ों में पहुंचकर नुकसान पहुंचा सकते हैं। लंबे समय तक इसके संपर्क में रहने से फेफड़ों के कैंसर का खतरा बढ़ता है।
4. रेडॉन गैस: रेडॉन एक प्राकृतिक रेडियोएक्टिव गैस है, जिसका पता गंध या स्वाद से नहीं लगाया जा सकता। लंबे समय तक इसके संपर्क में रहने से फेफड़ों के कैंसर का जोखिम बढ़ सकता है। धूम्रपान करने वालों में इसका खतरा और अधिक हो सकता है।

लगातार खांसी होने पर कब कराएं एक्स-रे या सीटी स्कैन?

अगर खांसी तीन सप्ताह से अधिक समय तक बनी हुई है, तो डॉक्टर से जांच करानी चाहिए। चिकित्सक लक्षणों, उम्र, धूम्रपान के इतिहास और अन्य जोखिम कारकों के आधार पर छाती का एक्स-रे, सीटी स्कैन या दूसरी जांच कराने की सलाह दे सकते हैं।
विशेष रूप से खांसी में खून आना, सांस लेने में तकलीफ और लगातार छाती में दर्द जैसे लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। ऐसी स्थिति में जल्द चिकित्सकीय मदद लें।

 

अमिताभ सिन्हा

अमिताभ सिन्हा hpbltop.com के वरिष्ठ राजनीतिक संपादक हैं। पत्रकारिता में 12 वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्हें भारतीय राजनीति, चुनावी रणनीतियों और संसद की कार्यवाही की गहरी समझ है। अमिताभ की रिपोर्टिंग तथ्यों पर आधारित और निष्पक्ष होती है। वे जटिल सरकारी नीतियों को सरल भाषा में पाठकों तक पहुँचाने में माहिर हैं। खाली समय में वे राजनीतिक इतिहास पढ़ना पसंद करते हैं। ईमेल: amitabh@hpbltop.com

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *