शिक्षा विभाग में अधिकारी बनने का मौका, 935 पदों पर फिर निकली भर्ती; AEDO के पुराने सभी आवेदन बेकार, नये सिरे से करना होगा अप्लाई, 1 दिसंबर से आवेदन
सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी के 935 पदों पर भर्ती। AEDO भर्ती के लिए 1 दिसंबर से आवेदन शुरू, 31 दिसंबर अंतिम तारीख।

Sarkari Naukari। शिक्षा विभाग में अधिकारी बनकर सरकारी नौकरी पाने का सपना देख रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी (AEDO) के 935 पदों पर भर्ती के लिए नए सिरे से आवेदन प्रक्रिया शुरू करने का फैसला किया है। इस भर्ती के जरिए अभ्यर्थियों को शिक्षा विभाग में अधिकारी के रूप में काम करने का अवसर मिलेगा। बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 1 दिसंबर 2026 से शुरू होगी। खास बात यह है कि जिन अभ्यर्थियों ने पहले आवेदन किया था, उन्हें भी इस बार नए सिरे से फॉर्म भरना होगा।
935 पदों पर होगी भर्ती, सभी वर्गों के लिए सीटें निर्धारित
बीपीएससी की इस भर्ती में कुल 935 पद रखे गए हैं। इनमें अलग-अलग आरक्षित और अनारक्षित वर्गों के लिए सीटों का निर्धारण किया गया है।
• अनारक्षित वर्ग : 374 पद
• आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग : 93 पद
• अनुसूचित जाति : 150 पद
• अनुसूचित जनजाति : 10 पद
• अत्यंत पिछड़ा वर्ग : 168 पद
• पिछड़ा वर्ग : 112 पद
• पिछड़े वर्गों की महिलाएं : 28 पद
1 दिसंबर से भर सकेंगे ऑनलाइन फॉर्म
आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अभ्यर्थी 1 दिसंबर 2026 से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन और शुल्क भुगतान के लिए अलग-अलग अंतिम तिथियां तय की गई हैं।
• ऑनलाइन आवेदन शुरू : 1 दिसंबर 2026
• परीक्षा शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि : 30 दिसंबर 2026
• आवेदन भरने की अंतिम तिथि : 31 दिसंबर 2026
अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि अंतिम तारीख का इंतजार किए बिना समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें।
पहले आवेदन करने वालों को भी फिर भरना होगा फॉर्म
इस भर्ती प्रक्रिया में एक महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है। आयोग ने पूर्व में जारी 22 अगस्त 2025 के विज्ञापन को रद्द कर दिया है। इससे पहले 14 से 21 अप्रैल 2026 के बीच नौ पालियों में परीक्षा आयोजित की गई थी, लेकिन कदाचार के आरोपों के चलते आयोग ने 1 मई को परीक्षा रद्द कर दी थी।
अब नई भर्ती प्रक्रिया के तहत पुराने आवेदन मान्य नहीं होंगे। पहले फॉर्म भर चुके अभ्यर्थियों को भी दोबारा आवेदन करना होगा। उन्हें नए सिरे से निर्धारित परीक्षा शुल्क का भुगतान भी करना पड़ेगा। पुरानी फीस वापस नहीं की जाएगी।
21 से 42 वर्ष तक के अभ्यर्थियों के लिए अवसर
बीपीएससी ने भर्ती के लिए आयु सीमा भी निर्धारित की है। अभ्यर्थियों की न्यूनतम आयु 1 अगस्त 2026 को 21 वर्ष होनी चाहिए।
अधिकतम आयु सीमा वर्ग के अनुसार अलग-अलग रखी गई है।
• अनारक्षित पुरुष : 37 वर्ष
• अनारक्षित महिला : 40 वर्ष
• पिछड़ा वर्ग एवं अत्यंत पिछड़ा वर्ग : 40 वर्ष
• अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति : 42 वर्ष
अधिकतम आयु की गणना के लिए आयोग द्वारा निर्धारित कटऑफ तिथि 1 अगस्त 2025 रखी गई है।
आवेदन से पहले जरूर देखें आधिकारिक विज्ञापन
शिक्षा विभाग में अधिकारी बनने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए यह भर्ती एक नया अवसर लेकर आई है। हालांकि, आवेदन करने से पहले शैक्षणिक योग्यता, पात्रता, आयु सीमा और अन्य शर्तों की जानकारी लेना जरूरी है।इसके लिए अभ्यर्थी बीपीएससी की आधिकारिक वेबसाइट www.bpsc.bihar.gov.in पर जाकर विस्तृत विज्ञापन और दिशा-निर्देश देख सकते हैं।
935 पदों पर होने वाली इस भर्ती में पहले आवेदन कर चुके अभ्यर्थियों को भी नई प्रक्रिया में शामिल होना होगा। इसलिए आवेदन की तारीख और शुल्क भुगतान की समय-सीमा का विशेष ध्यान रखें।












