बंगाल में भाजपा सरकार : एग्जिट पोल में बड़ा उलटफेर, असम में हिमंता की वापसी, तमिलनाडू में उलझाने वाले आंकड़े
BJP government in Bengal: Exit polls reveal major upset, Himanta's return in Assam, confusing data in Tamil Nadu

देश के तीन बड़े राज्यों—पश्चिम बंगाल, असम और तमिलनाडु—के एग्जिट पोल सामने आ चुके हैं। अधिकांश सर्वे में बंगाल में भाजपा को बढ़त, असम में सत्ता वापसी और तमिलनाडु में DMK+ की सरकार बनने के संकेत मिल रहे हैं।
______________
नई दिल्ली/29.4.26: देश के तीन अहम राज्यों में हुए विधानसभा चुनावों के बाद एग्जिट पोल के नतीजे सामने आ गए हैं, जिनमें कई चौंकाने वाले संकेत मिल रहे हैं। पश्चिम बंगाल में जहां पहली बार भाजपा की सरकार बनने के संकेत मिल रहे हैं, वहीं असम में सत्तारूढ़ पार्टी की वापसी लगभग तय मानी जा रही है। दूसरी ओर तमिलनाडु में DMK गठबंधन मजबूत स्थिति में नजर आ रहा है।
बंगाल में भाजपा इन, दीदी आउट
सबसे ज्यादा चर्चा पश्चिम बंगाल को लेकर हो रही है, जहां कुल 294 सीटों पर दो चरणों में मतदान हुआ। अब तक आए 6 प्रमुख एग्जिट पोल में से 5 में भाजपा को बढ़त दिखाई गई है, जबकि केवल एक सर्वे में Mamata Banerjee की पार्टी TMC को आगे बताया गया है।
मैट्रिज के एग्जिट पोल में भाजपा को 146 से 161 सीटें और TMC को 125 से 140 सीटें मिलने का अनुमान है। वहीं चाणक्य स्ट्रैटजी ने भाजपा को 150-160 सीटों के साथ स्पष्ट बहुमत दिया है। प्रजा पोल ने तो भाजपा को 178 से 200 सीटों तक पहुंचने का अनुमान जताकर बड़ा उलटफेर दिखाया है। हालांकि पीपल्स पल्स के सर्वे में TMC को 177-187 सीटों के साथ बढ़त दी गई है।
इन आंकड़ों से साफ है कि बंगाल में मुकाबला बेहद दिलचस्प और कड़ा रहा है, लेकिन अधिकतर एग्जिट पोल भाजपा के पक्ष में जाते दिख रहे हैं। यदि ये अनुमान वास्तविक नतीजों में बदलते हैं, तो यह राज्य की राजनीति में ऐतिहासिक बदलाव साबित हो सकता है।
हिमंता के नेतृत्व में असम में भाजपा रिटर्न
असम की बात करें तो यहां सभी 8 एग्जिट पोल में Himanta Biswa Sarma के नेतृत्व में भाजपा की वापसी के संकेत मिले हैं। एक्सिस माय इंडिया ने भाजपा को 88-100 सीटें और कांग्रेस को 24-36 सीटें दी हैं। अन्य सर्वे जैसे मेट्रिज, पी-मार्क और पोल डायरी ने भी भाजपा को स्पष्ट बढ़त दिखाई है। इससे संकेत मिलता है कि असम में सत्तारूढ़ सरकार के प्रति जनता का भरोसा बरकरार है।
तमिलनाडु ने आंकड़ों ने उलझाया
तमिलनाडु में स्थिति कुछ अलग नजर आ रही है। यहां 5 में से 4 एग्जिट पोल में DMK गठबंधन को बढ़त दी गई है। मैट्रिज के अनुसार DMK+ को 122-132 सीटें मिल सकती हैं, जबकि AIADMK+ को 87-110 सीटों का अनुमान है। वहीं पी-मार्क और पीपल्स पल्स ने भी DMK+ को मजबूत स्थिति में दिखाया है। हालांकि टाइम्स नाउ-जेवीसी के सर्वे में AIADMK+ को बढ़त दी गई है, जिससे यह मुकाबला पूरी तरह एकतरफा नहीं कहा जा सकता।
गौरतलब है कि एग्जिट पोल केवल अनुमान होते हैं और वास्तविक नतीजों के लिए आधिकारिक घोषणा का इंतजार करना जरूरी होता है। पश्चिम बंगाल में अंतिम परिणाम 4 मई को घोषित किए जाएंगे, जिसके बाद ही साफ होगा कि जनता का जनादेश किसके पक्ष में गया है।







