दुनिया के 100 सबसे गर्म शहरों में झारखंड का भी एक शहर, 100 में से 97 शहर भारत के, यहां पड़ रही है जानलेवा गरमी
Jharkhand is among the world's 100 hottest cities, with 97 of these being in India, experiencing deadly heat.

World’s 100 Hottest Cities; धरती का पारा बड़ी तेजी से बढ़ रहा है। ये जलवायु परिवर्तन का सबसे डरावना अहसास है, जिसकी वजह से लोगों का जीना मुश्किल होता जा रहा है। एक आंकड़े के मुताबिक दुनिया के 100 सबसे गर्म शहरों में भारत के 97 शहर शामिल हैं। हैरानी की बात ये है कि इन 97 शहरों में एक शहर झारखंड का भी है।
दुनिया के 100 सबसे गर्म शहर
खासकर झारखंड समेत उत्तर और मध्य भारत के कई राज्यों में गर्म हवाओं और तेज धूप ने लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। AQI.in द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, ओडिशा का बलांगीर इस समय दुनिया के सबसे गर्म शहरों में शामिल है, जहां तापमान 48 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। बिहार का सासाराम भी 48 डिग्री के करीब रिकॉर्ड किया गया है। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में भी पारा 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है।
धनबाद झारखंड का सबसे गर्म शहर
झारखंड की बात करें तो यहां भी हालात चिंताजनक बने हुए हैं। कोयलांचल क्षेत्र धनबाद में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। लगातार बढ़ती गर्मी और उमस ने लोगों को बेहाल कर दिया है। दिन के समय सड़कें सूनी नजर आ रही हैं और लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। दोपहर के समय गर्म हवाएं चलने से स्थिति और अधिक खराब हो रही है।
राज्य के अन्य जिलों में भी तापमान लगातार बढ़ रहा है। राजधानी रांची में भी तेज धूप और उमस के कारण लोग परेशान हैं। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अल नीनो (El Nino) के प्रभाव के कारण इस बार गर्मी सामान्य से काफी अधिक पड़ रही है। इसका असर सिर्फ झारखंड ही नहीं बल्कि पूरे उत्तर और मध्य भारत में दिखाई दे रहा है।
भारत में किन-किन शहरों में सबसे ज्यादा गरमी
देश के अन्य हिस्सों की बात करें तो उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर और अयोध्या में तापमान 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। पंजाब का पटियाला, तेलंगाना का वारंगल और उत्तराखंड का हरिद्वार भी 46 डिग्री की चपेट में हैं। राजस्थान के श्रीगंगानगर, मध्य प्रदेश के ग्वालियर और चंडीगढ़ में भी पारा 45 डिग्री के आसपास दर्ज किया गया है।
पड़ोसी देश नेपाल में भी गर्मी का प्रकोप जारी है। नेपाल के धनगढ़ी, नेपालगंज और लुंबिनी में तापमान 45 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया गया है। मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है।
विदेश
• नेपाल के धनगढ़ी 46°C
• नेपालगंज 45°C
• लुंबिनी 45°C
भारत
• उत्तर प्रदेश का मुजफ्फरनगर 46°C
• उत्तर प्रदेश का अयोध्या 46°C
• पंजाब का पटियाला 46°C
• तेलंगाना का वारंगल 46°C
• उत्तराखंड का हरिद्वार 46°C
• राजस्थान का श्रीगंगानगर 45°C
• मध्य प्रदेश का ग्वालियर 45°C
• झारखंड का धनबाद 45°C
• चंडीगढ़ 45°C
• उत्तर प्रदेश का आगरा 44°C
• राजस्थान का भरतपुर 44°C
• मध्य प्रदेश का सिंगरौली 44°C









